वनकर्मियों ने पुलिस के खिलाफ खोला मोर्चा

वनकर्मियों ने पुलिस के खिलाफ खोला मोर्चा काली पट्टी बांध जताया विरोध

By JagranEdited By: Publish:Thu, 05 Dec 2019 10:37 PM (IST) Updated:Fri, 06 Dec 2019 01:03 AM (IST)
वनकर्मियों ने पुलिस के खिलाफ खोला मोर्चा
वनकर्मियों ने पुलिस के खिलाफ खोला मोर्चा

जागरण संवाददाता, चंदौली : वन विभाग के कर्मचारियों ने पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वन दारोगा की गिरफ्तारी के विरोध में कर्मियों ने गुरुवार को बगही और चकिया वन रेंज कार्यालय में काली पट्टी बांधकर काम किया। इसके जरिये पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। सैयदराजा थाने की पुलिस ने ट्रक चालक से 500 रुपये सुविधा शुल्क लेने के आरोप में वनदारोगा को गिरफ्तार कर लिया था। इसको लेकर वनकर्मी आक्रोशित हैं।

करीब एक सप्ताह पूर्व वन दारोगा दिनेश सिंह और चालक मनोज पांडेय हाईवे पर आंवला लदे ट्रक की चेकिग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस पहुंच गई। ट्रक चालक दामोदर सिंह ने वनदारोगा पर 500 रुपये सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाया था। इसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए वनदारोगा को गिरफ्तार कर लिया। वहीं वन दारोगा के वाहन को भी थाने में खड़ा करा दिया गया। गिरफ्तारी के बाद से ही पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े होने लगे। वन कर्मियों का कहना रहा कि आंवला वन संपदा है। आंवला लादकर जाने वाले वाहनों की चेकिग का पूरा अधिकार वनदारोगा को है। पुलिस ने काम में हस्तक्षेप करते हुए वन दारोगा को गिरफ्तार कर लिया, जो सरासर गलत है। वन दारोगा के खिलाफ दर्ज मुकदमे को वापस लेते हुए तत्काल रिहाई की जानी चाहिए। वनकर्मी ओंकारनाथ शुक्ला ने कहा वन दारोगा की गिरफ्तारी के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा। 23 दिसंबर को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया जाएगा। रमाशंकर सिंह यादव, अंगद सिंह यादव, गुरुदेव, महेंद्र चौहान, रामकेर, रामजी यादव, बाबूनंदन आदि थे।

chat bot
आपका साथी