फास्ट फूड, नशा व मोबाइल फोन से महिलाओं में आ रहा बांझपन

महिलाओं में बांझपन की शिकायतें ज्यादा आ रही। कारण शुरूआत में जान बूझकर की गई गलती अनियनित खानपान मोबाइल कंप्यूटर फास्टफूड व नशा है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 11 Dec 2019 09:26 PM (IST) Updated:Thu, 12 Dec 2019 12:24 AM (IST)
फास्ट फूड, नशा व मोबाइल फोन से महिलाओं में आ रहा बांझपन
फास्ट फूड, नशा व मोबाइल फोन से महिलाओं में आ रहा बांझपन

जागरण संवाददाता, चंदौली : महिलाओं में बांझपन की शिकायतें ज्यादा आ रही। कारण शुरूआत में जान-बूझकर की गई गलती, अनियमित खानपान, मोबाइल, कंप्यूटर, फास्टफूड व नशा है। अस्पताल में सौ महिलाओं में 12-15 में यह समस्या है। इसका निदान है, लेकिन इलाज लंबा है। महिलाओं को जागरूक किया जाता है, लेकिन वे अपनी दिनचर्या और भागदौड़ में कमी नहीं ला रही। उनकी हड्डियां भी कमजोर हो रहीं, कारण उनका धूप में न बैठना, दूध न पीना है। धूप में बैठने से वे कतराती हैं, अपने को दुबली-पतली रखने के चक्कर में दूध नहीं पीतीं, इसी से उनकी हड्डियां कमजोर हो रही। यह बातें दैनिक जागरण के हैलो डाक्टर कार्यक्रम में स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. ज्योत्सना ने कहीं। उन्होंने पाठकों के सवालों के जवाब दिए और जागरूक भी किया।

सवाल : प्रेगनेंसी में हड्डियों में दर्द हो रहा, गैस की समस्या हो रही।

जवाब : ऐसे समय में अक्सर यह समस्या आती है। चिकित्सक को दिखाएं। खाने में गुड़ चना, हरी सब्जी लें। सोने से दो घंटे पहले भोजन करें। भोजन के बाद कुछ देर टहलें तभी सोएं। इससे गैस की समस्या से आराम मिलेगा।

सवाल : पत्नी के घुटने में दर्द रहता है। क्या करें।

जवाब : चिकित्सक को जरूर दिखाएं। इससे पता चल सकेगा कि किस कारण घुटने में दर्द हो रहा, क्योंकि महिलाओं को घुटने या जोड़ों का दर्द जनाना बीमारियों की वजह से भी होता है।

सवाल : शुगर, थाइराइड की शिकायत है, क्या करें।

जवाब : जिस चिकित्सक से दवा चल रही वहां पुन: दिखाएं। ध्यान रखें, इसमें खान-पान और सुबह टहलना काफी लाभदायक रहता है।

सवाल : पेशाब में जलन है, कमजोरी महसूस हो रही, बुखार भी हो जा रहा।

जवाब : प्रेगनेंसी के समय में यदि ये लक्षण हों तो तुरंत शुगर की जांच कराएं। लापरवाही बरतेंगी तो यूट्रस की झिल्ली कमजोर हो जाएगी। इसके लिए ज्यादा से ज्यादा पानी पीएं, यूरीन न रोकें। चिकित्सक को जरूर दिखाएं।

सवाल : पैर में दिक्कत है, दौड़ते वक्त दर्द होने लगता है।

जवाब : पहले धीरे-धीरे दौड़ें, शरीर गर्म होने पर ही तेजी दिखाएं। वैसे यह कैल्शियम की कमी के लक्षण हैं।

सवाल : सुबह उठने पर पैर व शरीर में ज्यादा दर्द रहता है।

जवाब : व्यायाम करें, पहले धीरे-धीरे बाद में इसका समय बढ़ा दें। यह विटामिन डी की कमी से हो रहा, इसलिए धूप में कुछ देर बैठें, दूध का सेवन करें।

सवाल : एक साल की बच्ची है, तेल लगाने पर शरीर में दाने निकल आते हैं।

जवाब : तेल लगाने के आधा घंटा बाद उसे गर्म पानी से पोछ दें। ऐसा नहीं करने पर तेल जमता है और इंफेक्शन हो जाता है।

सवाल : सर्दी, जुकाम व बुखार है, कमजोरी महसूस हो रही है।

जवाब : तुरंत चिकित्सक को दिखाएं, खून की जांच कराएं, बुखार होने पर क्रोसिन की गोली खा सकते हैं। इन्होंने पूछे सवाल

पड़ाव से अनवरी बेगम, सदलपुरा से हेमलता, सकलडीहा की नम्रता आर्य, महादेवपुर कला से रामाशीष, सदलपुरा से उपेंद्र सिंह, संघती से मिथिलेश सिंह, नियामताबाद से पारसनाथ, संघती से प्रवीण कुमार, जसौली से राकेश चंद्र आदि थे।

chat bot
आपका साथी