गुरु का दर्शन-पूजन कर भक्त हुए निहाल, सजाए गए थे गुरुधाम

जागरण संवाददाता चंदौली गुरुपूर्णिमा के अवसर पर शनिवार को गुरु के दर्शन कर भक्त निहाल

By JagranEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 08:37 PM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 08:37 PM (IST)
गुरु का दर्शन-पूजन कर भक्त हुए निहाल, सजाए गए थे गुरुधाम
गुरु का दर्शन-पूजन कर भक्त हुए निहाल, सजाए गए थे गुरुधाम

जागरण संवाददाता, चंदौली : गुरुपूर्णिमा के अवसर पर शनिवार को गुरु के दर्शन कर भक्त निहाल हो गए। हालांकि कोरोना की वजह से गुरु आश्रमों व मठों की रौनक फीकी रही। हालांकि यहां साज सजावट की गई थी। अधिकांश भक्तों ने घर में ही विधिविधान से पूजन-अर्चन किया। वहीं घर-परिवार की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगा। मुख्यालय स्थित नए सरकार के आश्रम में भी भक्त पहुंचे। हालांकि इस बार भीड़ कम रही। कोरोना के मद्देनजर आयोजकों ने भी भक्तों से कम संख्या में आने की अपील की थी। ताकि कोविड प्रोटोकाल का पालन किया जा सके। वहीं प्रशासन की सख्ती की वजह से कहीं मेला आदि का आयोजन भी नहीं हुआ। पीडीडीयू नगर प्रतिनिधि के अनुसार : कोरोना संक्रमण के कारण गुरु पूर्णिमा पर्व शनिवार को लोगों ने घरों में मनाया। महामारी की वजह से लगातार दूसरे वर्ष भी आश्रमों में विशेष आयोजन नहीं हुआ। हालांकि कुछ लोग आश्रम में पहुंचकर अपने अपने गुरु का दर्शन पूजन किया। जलीलपुर गांव के गंगा नदी के पावन तट पर स्थित पूज्य मां श्री सर्वेश्वरी सेवा संघ के आश्रम में दर्शनार्थियों ने गुरु का दर्शन पूजन किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आश्रम के संचालक अनिल बाबा ने कहा गुरु शिष्य को शक्तिशाली बनाते हैं। जीवन में सुख और शांति प्राप्त करने के लिए मनुष्य को सदैव प्रयास करते रहना चाहिए। हम सभी को प्राणायाम, पूजा-पाठ करते रहना चाहिए जिससे दिमाग के भटकाव से हम बच सकेंगे। साथ ही ईमानदारी के साथ जीवन व्यतीत करना चाहिए। जीवन में सब कुछ मिल जाता है। विभूति शंकर सहाय, डाक्टर राजेश चौहान, सुनीता चौहान, विनीत, प्रशांत तिवारी उपस्थित रहे। टांडाकला प्रतिनिधि के अनुसार : क्षेत्र के रामगढ़ स्थित अघोराचार्य बाबा कीनाराम की तपोस्थली पर गुरुपूर्णिमा का आयोजन किया गया। भक्तों ने मठ में हवन पूजन किया। इसके बाद प्रसाद का वितरण किया गया। पीठाधीश्वर सिद्धार्थ गौतम राम बाबा के आदेशानुसार कोरोना को लेकर पूरी सतर्कता बरती गई। बलुआ एसओ उदय प्रताप सिंह दलबल के साथ मौजूद रहे। अशोक सिंह, देवदत्त पांडेय, प्रभुनाथ पांडेय मौजूद रहे। इलिया प्रतिनिधि के अनुसार : गुरुपूर्णिमा के अवसर पर घुरहूपुरपुर पहाड़ी की गुफाओं में स्थित बौद्ध स्थल पर अनुयायी पहुंचे। इस दौरान भगवान बुद्ध का दर्शन-पूजन किया। साथ ही उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया गया। डाक्टर बुद्ध प्रकाश मौर्य, मंगोई, बासदेव मौर्य उपस्थित रहे। बरहनी प्रतिनिधि के अनुसार : गुरु के बिना ज्ञान संभव नहीं और ज्ञान के बिना जीवन संभव नहीं। उक्त बातें चिरईगांव में चल रहे चातुर्मास यज्ञ के दौरान शनिवार को त्रिदंडी स्वामी के शिष्य सुंदरराज महाराज ने कही। उन्होंने कहा कि आत्म ज्ञान के लिए सत्संग जरूरी है। मृत्युंजय सिंह, सीमा, उषा, मुन्नी, नरेंद्र सिंह, विनोद गुप्ता, हरवंश सिंह रहे।

chat bot
आपका साथी