सज गए शिवालय, आज से शुरू होगा भोलेनाथ का दर्शन-पूजन

जागरण संवाददाता चंदौली पवित्र सावन माह रविवार से शुरू होगा। शिवालयों में भगवान भोलेनाथ के

By JagranEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 09:01 PM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 09:01 PM (IST)
सज गए शिवालय, आज से शुरू होगा भोलेनाथ का दर्शन-पूजन
सज गए शिवालय, आज से शुरू होगा भोलेनाथ का दर्शन-पूजन

जागरण संवाददाता, चंदौली : पवित्र सावन माह रविवार से शुरू होगा। शिवालयों में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक और दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। इसको लेकर शिवालयों में तैयारी की गई है। मंदिरों की सफाई के साथ ही अन्य इंतजाम किए गए हैं

ताकि भक्तों को किसी तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े। शिवालयों में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम रहेंगे।

जिले में कई प्रसिद्ध शिवालय हैं। चकिया के जागेश्वरनाथ और सकलडीहा के बरठी में कालेश्वर महादेव मंदिर में स्वयंभू शिवलिग है। इसका दर्शन-पूजन व जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालु उमड़ते हैं। इसके अलावा मुख्यालय स्थित श्रीराम जानकी शिव मठ मंदिर समेत अन्य शिवालयों में भी दर्शन-पूजन होता है। खासतौर से सोमवार के दिन भक्तों की भीड़ अधिक रहती है। ऐसे में प्रशासन ने मंदिरों में सीसी टीवी कैमरे लगवाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की योजना बनाई है ताकि कोविड प्रोटोकाल का पालन कराया जा सके।

पीडीडीयू नगर प्रतिनिधि के अनुसार : सावन माह के लिए नगर सहित आसपास के क्षेत्र के मंदिरों व शिवालयों में साफ-सफाई के साथ सजावट की गई है। कोविड-19 के नियम का पालन करते हुए श्रद्धालु मंदिर में पूजन करेंगे। मंदिरों में साफ सफाई की गई। प्रत्येक सोमवार को महादेव का जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक होगा। सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्कता बरत रही है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने इंतजाम कर लिया है। मंदिरों को विद्युतल ताओं से सजाया गया है।

नगर के कैलाशपुरी, रविनगर, नई बस्ती, शाहकुटी, काली महाल, चतुर्भुजपुर, अलीनगर, नई बस्ती के साथ रेलवे के आरपीएफ कालोनी, सेंट्रल कालोनी, मानसनगर, डीजल कालोनी सहित अन्य कालोनियों के शिव मंदिरों पर दिन भर साफ सफाई अभियान चला। यहीं नहीं मंदिर प्रशासन ने भी भक्तों को असुविधा न हो इसके लिए इंतजाम किए हैं। मंदिरों पर ध्वनि विस्तारक यंत्रों से बाबा बाबा के भजन बजने लगे हैं। इससे माहौल भक्तिमय बन गया है।

उधर पड़ाव क्षेत्र के जलीलपुर स्थित त्रयंबकेश्वर महादेव व साहूपुरी स्थित महर्षि वेदव्यास मंदिर में भी साफ सफाई की गई। सुबह से ही पुजारी सफाई करने में लगे रहे। शिवलिग को अच्छे तरीके से सजाया गया। शनिवार को महिलाएं पूजन अर्चन करने के लिए मंदिर में पहुंची। सावन माह में प्रत्येक सोमवार को मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। इस बार कोरोना महामारी को देखते हुए भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तैयारी कर ली गई है। कम संख्या में ही श्रद्धालु मंदिरों में पूजन अर्चन करेंगे।

chat bot
आपका साथी