स्वच्छता से आएगी खुशहाली, राज्य मंत्री ने कचरा संग्रह मुहिम का किया आगाज

जागरण संवाददाता चंदौली युवा कल्याण खेल व पंचायती राज विभाग के राज्य मंत्री उपेंद्र तिवारी न

By JagranEdited By: Publish:Sat, 23 Oct 2021 08:09 PM (IST) Updated:Sat, 23 Oct 2021 08:09 PM (IST)
स्वच्छता से आएगी खुशहाली, राज्य मंत्री ने कचरा संग्रह मुहिम का किया आगाज
स्वच्छता से आएगी खुशहाली, राज्य मंत्री ने कचरा संग्रह मुहिम का किया आगाज

जागरण संवाददाता, चंदौली : युवा कल्याण, खेल व पंचायती राज विभाग के राज्य मंत्री उपेंद्र तिवारी ने शनिवार को जिले का दौरा किया। मुख्यालय स्थित नवीन कृषि मंडी में प्लास्टिक कचरा संग्रह अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों व विकास कार्यों का बखान किया। इसके पूर्व उन्होंने धानापुर शहीद स्मारक में पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, आजादी के 75वीं वर्षगांठ पर शहीदों को याद करने के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। इसके तहत क्लिन इंडिया मुहिम शुरू की गई है। देश को प्लास्टिक कचरा से मुक्त बनाना है। इसमें आमजन की सहभागिता जरूरी है। सरकार जनता की भलाई के लिए काम कर रही है। योजनाओं का लाभ गरीब, मजदूर, किसान, नौजवान सभी को मिल रहा है। स्वास्थ्य, जनकल्याण के क्षेत्र में पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ काम किया जा रहा है। सरकार के प्रयासों से प्रदेश में तेजी से विकास का पहिया घूम रहा है। बोले, स्वच्छता को लेकर लोगों की सोच बदल रही है। सफाई के प्रति लोग संजीदा हो रहे हैं। प्लास्टिक कचरा से निजात पाना बेहद जरूरी है। इसकी शुरूआत घर, गली, मुहल्ले से की जानी चाहिए। विधायक सुशील सिंह ने कहा केंद्र व प्रदेश सरकार ने गरीबों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं। इसका लाभ लोगों को मिल रहा है। जिलाधिकारी संजीव सिंह ने पंचायत राज विभाग से संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी दी। कहा, आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न विभागों की ओर से कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत जनपद में व्यापक पैमाने पर व्यक्तिगत व सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कराया गया है। स्वच्छता कार्यक्रमों से लोगों में जागरूकता बढ़ी है। जिला पंचायत अध्यक्ष दीनानाथ शर्मा, सीडीओ अजितेंद्र नारायण, उपायुक्त मनरेगा धर्मजीत सिंह, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत कमलेश सिंह के साथ विभागीय अधिकारी-कर्मचारी व ग्राम प्रधान मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी