कर्मचारियों की हड़ताल से नहीं डोला एंबुलेंस का पहिया

विभिन्न मांगों को लेकर स्वास्थ्य विभाग से जुड़े एंबुलेंस कर्मियों ने सोम

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 08:05 PM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 08:05 PM (IST)
कर्मचारियों की हड़ताल से नहीं डोला एंबुलेंस का पहिया
कर्मचारियों की हड़ताल से नहीं डोला एंबुलेंस का पहिया

जागरण संवाददाता, चंदौली : विभिन्न मांगों को लेकर स्वास्थ्य विभाग से जुड़े एंबुलेंस कर्मियों ने सोमवार को हड़ताल शुरू कर दी। 102 व 108 नंबर सेवा की एंबुलेंस जहां की तहां खड़ी कर दी और सीएमओ कार्यालय परिसर में सभा की। व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सीएमओ के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। एंबुलेंस सेवा ठप होने से मरीजों को परेशानी हुई, आकस्मिक सेवा नंबर पर फोन आते रहे लेकिन कोई कर्मचारी काम पर नहीं गया।

एंबुलेंस सेवा संघ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र कुमार गिरी ने कहा एएलएस एंबुलेंस सेवा का संचालन पूर्व में जीवीकेईएमआरआइ कंपनी करती थी, लेकिन अब इससे जिगित्सा हेल्थ केयर कंपनी को सौंप दिया गया है। कोविडकाल से लेकर अब तक एंबुलेंस सेवाओं का संचालन कर्मचारी अपनी जान की परवाह किए बगैर करते आ रहे हैं। इसमें सैकड़ों कर्मचारी पाजिटिव भी हो गए और आधा दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो गई। वर्तमान में जीवीके कंपनी ने एडवांस लाइफ सपोर्ट का टेंडर छोड़ दिया है। इससे इनके संचालन का जिम्मा जिगित्सा कंपनी ने लिया है। यह कंपनी पुराने कर्मचारियों से काम लेने की बजाय नयी भर्ती कर रही है। इसके लिए कंपनी की ओर से हर कर्मी से 20 हजार रुपये की डीडी जमाकर कराई जा रही है। ऐसी स्थिति में प्रदेश भर में 250 एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस ओर काम करने वाले कर्मचारी बेरोजगार हो गए हैं। इन कर्मचारियों को न तो जीवीके रखने को तैयार है और न ही जिगित्सा। सीएमओ ने हड़तालरत कर्मियों से स्पष्ट कह दिया है कि जो लोग धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। वह एंबुलेंस को विभाग को हैंडओवर कर दें। शिवकुमार यादव, कैलाश यादव, राकेश यादव, शैलेंद्र कुमार, मनोज कुमार, भूपेंद्र पटेल, अशोक कुमार, शिवकुमार भारती, प्रभाकांत तिवारी, मदनलाल यादव आदि उपस्थित रहे।

chat bot
आपका साथी