दो दिन लाकडाउन, ठप रहेंगी गतिविधियां

कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रदेश सरकार की ओर से लागू

By JagranEdited By: Publish:Fri, 23 Apr 2021 07:59 PM (IST) Updated:Fri, 23 Apr 2021 07:59 PM (IST)
दो दिन लाकडाउन, ठप रहेंगी गतिविधियां
दो दिन लाकडाउन, ठप रहेंगी गतिविधियां

जागरण संवाददाता, चंदौली : कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रदेश सरकार की ओर से लागू सप्ताहांत लाकडाउन शुक्रवार की रात आठ बजे से शुरू होकर सोमवार की सुबह सात बजे तक जारी रहेगा। शनिवार व रविवार को सभी प्रकार की गतिविधियां प्रतिबंधित रहेंगी। इसका असर मुख्यालय समेत नगरीय और ग्रामीण इलाकों में देखने को मिला। दुकानें व प्रतिष्ठान बंद हो गए। वहीं सड़कों पर भी इक्का-दुक्का लोगों ने ही आवागमन किया। गाइडलाइन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। प्रदेश में कोरोना संक्रमण दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। ऐसे में सरकार ने पहले शनिवार की रात आठ से सोमवार की सुबह छह बजे तक लाकडाउन लगाया था। हालांकि इससे कोई खास लाभ नहीं हुआ। ऐसे में सप्ताह के आखिरी दोनों दिन लाकडाउन का निर्णय लिया गया है। शुक्रवार की रात आठ बजे से ही 59 घंटे का लाकडाउन लागू हो जाएगा जो सोमवार की सुबह सात बजे समाप्त होगा। इस दौरान जिले के नगरीय और ग्रामीण इलाकों की समस्त दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। वहीं बैंक और सरकारी कार्यालयों में भी ताला लटका रहेगा। लोगों के घर से बाहर निकलने और सड़कों पर आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। पंचायत चुनाव, स्वास्थ्य व आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को ही आवागमन की अनुमति रहेगी। हालांकि उन्हें भी पुलिस के रोकने पर पास दिखाना होगा। इसके अलावा पूर्व आयोजित परीक्षाओं के परीक्षार्थी भी प्रवेश पत्र दिखाकर परीक्षा देने के लिए जा सकते हैं। यदि कोई भी व्यक्ति बेवजह सड़क पर घूमता दिखा तो उसके खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। खासतौर से मास्क न लगाने वालों पर प्रशासन की नजर रहेगी। बिना मास्क लगाए पहली बार पकड़े जाने पर एक हजार और दूसरी बार पकड़ाने पर 10 हजार रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है। सप्ताहांत लाकडाउन का असर जिले में देखने को मिला। शुक्रवार की शाम आठ बजे के बाद सारी दुकानें बंद हो गईं। पुलिस ने भी फ्लैग मार्च कर दुकानदारों व आमजन को लाकडाउन के पालन की हिदायत दी।

' कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए सरकार ने सप्ताहांत लाकडाउन लगाया है। इसका कड़ाई के साथ पालन कराया जाएगा। पंचायत चुनाव व आवश्यक सेवाओं से संबंधित लोगों को ही आवागमन की अनुमति रहेगी। बेवजह सड़क पर घूमने वालों के खिलाफ कार्रवाई तय है।

संजीव सिंह, जिलाधिकारी

chat bot
आपका साथी