एडीएम की फटकार पर खुले धान क्रय केंद्र

कृषि प्रधान जिले में धान और मक्का किसानों को सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। कागजों में आठ धान और नौ क्रय केंद्र मक्का के खोल दिए गए हैं।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 29 Oct 2020 07:11 PM (IST) Updated:Thu, 29 Oct 2020 07:11 PM (IST)
एडीएम की फटकार पर खुले धान क्रय केंद्र
एडीएम की फटकार पर खुले धान क्रय केंद्र

बुलंदशहर, जेएनएन। कृषि प्रधान जिले में धान और मक्का किसानों को सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। कागजों में आठ धान और नौ क्रय केंद्र मक्का के खोल दिए गए हैं। जबकि धरातल पर अधिकांश केंद्रों पर धान और मक्का की खरीद नहीं हो रही है। बुधवार को वीडियो कांफ्रेंसिग के दौरान धान और मक्का की कम खरीद पर खाद एवं रसद विभाग की प्रमुख सचिव बीना कुमारी ने जिला विपणन अधिकारी को फटकार लगाई। बाद में एडीएम प्रशासन ने चार केंद्र प्रभारियों को नोटिस जारी किए। इसके बाद चारों क्रय केंद्रों पर धान खरीद शुरू कर दी गई है।

जिले में एक अक्टूबर से आठ धान क्रय केंद्र खुले हैं। किसान धान लेकर क्रय केंद्रों पर पहुंचते हैं लेकिन क्रय केंद्र प्रभारी बारदाने की कमी, रिजेक्ट धान की प्रजाति और नमी बताकर किसानों को केंद्रों से लौटा रहे हैं। किसान संगठन क्रय केंद्र प्रभारियों के इस रवैये से सड़कों पर हैं। 28 दिन में मात्र 718.45 मीट्रिक टन धान खरीद ही हो पाई है। करीब 70 हजार किसानों में सरकारी क्रय केंद्रों पर धान बेचने का लाभ मात्र 172 किसानों को ही मिल पाया है। ऐसे ही हालात मक्का खरीद के हैं। नौ क्रय केंद्रों में से मात्र स्याना में 190.50 मीट्रिक टन मक्का खरीद हुई है। कम खरीद होने पर खाद एवं रसद विभाग की प्रमुख सचिव बीना कुमारी ने जिला विपणन अधिकारी को खरीद बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। एडीएम ने जारी किए नोटिस

वीडियो कांफ्रेसिग में फजीहत होने के बाद एडीएम प्रशासन रवींद्र कुमार ने कम खरीद करने पर जिला प्रबंधक पीसीएफ तथा पीसीएफ के जहांगीराबाद, डिबाई, शिकारपुर और एफसीआइ के इमलिया क्रय केंद्र प्रभारियों को नोटिस जारी किए हैं। शुक्रवार चारों क्रय केंद्रों पर तौल शुरू कर दी गई है। इन्होंने कहा..

गुरुवार से पीसीएफ के जहांगीराबाद, डिबाई, शिकारपुर क्रय केंद्रों पर धान खरीद शुरू हो चुकी है। किसी भी किसान को बेवजह क्रय केंद्र से वापिस नहीं भेजा जाएगा।

-प्रदीप कुमार एआर कोआपरेटिव।

chat bot
आपका साथी