शूटरों की तलाश में खंगाले सीसीटीवी, लुकआउट नोटिस जारी

जेएनएन बुलंदशहर राष्ट्रीय लोकदल नेता व पूर्व ब्लाक प्रमुख हाजी यूनुस के काफिले पर हमला करने वालों का पुलिस दूसरे दिन भी सुराग नहीं लगा पाई। पुलिस ने सोमवार को फिर घटनास्थल का निरीक्षण किया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 06 Dec 2021 11:18 PM (IST) Updated:Mon, 06 Dec 2021 11:18 PM (IST)
शूटरों की तलाश में खंगाले सीसीटीवी, लुकआउट नोटिस जारी
शूटरों की तलाश में खंगाले सीसीटीवी, लुकआउट नोटिस जारी

जेएनएन, बुलंदशहर: राष्ट्रीय लोकदल नेता व पूर्व ब्लाक प्रमुख हाजी यूनुस के काफिले पर हमला करने वालों का पुलिस दूसरे दिन भी सुराग नहीं लगा पाई। पुलिस ने सोमवार को फिर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके से 24 खोखे बरामद हुए हैं। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद यूनुस के तीन भतीजों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। पुलिस को शक है कि वह विदेश भाग सकते हैं। पुलिस ने यूनुस के भाई पूर्व विधायक स्व. हाजी अलीम के घर व आसपास तथा टोल प्लाजा की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ली है। घर पर सिर्फ महिलाएं ही मिलीं। हाजी यूनुस ने बयान जारी कर भाई के बेटों पर 50 लाख की सुपारी देने का आरोप लगाते हुए एक वीडियो भी पुलिस को सौंपी है। चारों घायलों की में से एक की हालत नाजुक है। मारे गए खालिद का शव भारी सुरक्षा में गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। पुलिस पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

हाजी यूनुस के काफिले पर रविवार दोपहर कार सवार बदमाशों ने हमला कर ताबड़तोड़ फायरिग की थी। इसमें खालिद की मौत हो गई थी। सुरक्षाकर्मी शफी आलम, अफजल, शादाब व राशिद घायल हो गए थे। हाजी यूनुस बाल-बाल बचे थे।

हाजी यूनुस ने इस मामले में अपने बड़ भाई व पूर्व विधायक स्व. हाजी अलीम के बेटे अनस, दानिश, जयद, असद, नवेद, हारिश व आठ-दस अज्ञात बदमाशों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सोमवार सुबह पुलिस पूर्व विधायक के आवास पर पहुंची लेकिन वहां पर सिर्फ महिलाएं थी। तीन घंटे तक पुलिस ने घर के सभी सीसीटीवी की फुटेज कब्जे में ली। दूसरी टीम ने गांव भईपुरा जाकर जांच की। यहां से 9 एमएम के 24 खोखे बरामद हुए। हाजी यूनुस ने संपत्ति विवाद में भतीजों पर 50 लाख की सुपारी देकर हमला कराने का आरोप लगाया है। एक वीडियो भी उन्होंने पुलिस को सौंपी है। पुलिस ने दानिश, जयद, असद के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। तीन आरोपितों पर 25-25

हजार का इनाम घोषित

एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने नामजद आरोपित दानिश, जयद व असद पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया है। हाजी यूनुस को चार सुरक्षाकर्मी दिए गए है। उनके आवास पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

-----

इन्होंने कहा..

संपत्ति विवाद के चलते हाजी यूनुस पर हमला हुआ है। अलीगढ़ फैक्ट्री में चाचा-भतीजों के बीच झड़प हुई थी। हमलावरों के बारे में अहम जानकारी मिली हैं। दो दिन पूर्व ही नामजद हाजी अलीम के दो बेटे यूएई चले गए हैं। एक जेल में हैं और चौथा फरार है। मामले का जल्द राजफाश किया जाएगा।

-संतोष कुमार सिंह, एसएसपी

chat bot
आपका साथी