दो मकानों से करीब 20 लाख का सामान चोरी

गांव गवां में दो मकानों से चोरों ने नगदी सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब 20 लाख की चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 24 Nov 2020 12:20 AM (IST) Updated:Tue, 24 Nov 2020 12:20 AM (IST)
दो मकानों से करीब 20 लाख का सामान चोरी
दो मकानों से करीब 20 लाख का सामान चोरी

जेएनएन, खुर्जा: गांव गवां में दो मकानों से चोरों ने नगदी, सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब 20 लाख की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सोमवार सुबह स्वजन को जानकारी हुई, तो उनके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। वहीं पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

थाना खुर्जा देहात क्षेत्र के गांव गवां में रविवार रात चोरों ने धावा बोल दिया। चोर गांव निवासी विपिन त्यागी और अनिल त्यागी के मकानों में छत के रास्ते घुस गए। जिसके बाद उन्होंने कमरों के दरवाजे खोल लिए। वहीं दोनों मकानों के कमरों में रखी अलमारी के ताले तोड़ते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। विपिन के मकान से चोरों ने छह हजार रुपये की नगदी, करीब 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात तथा अनिल त्यागी के मकान से डेढ़ लाख की नगदी और करीब पांच-छह लाख के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। दोनों मकानों से करीब 20 लाख का सामान चोरी करने के बाद चोर फरार हो गए। स्वजनों को वारदात के समय भनक तक नहीं लग सकी। सोमवार सुबह जागने के बाद स्वजनों को चोरी की जानकारी हुई, तो उनके होश उड़ गए। जिस पर दोनों पीड़ितों ने फोन करके पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर थाना देहात पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच-पड़ताल करते हुए पीड़ितों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। थाना देहात प्रभारी आनंदवीर ने बताया कि पीड़ितों की शिकायत पर अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही घटना का राजफाश कर दिया जाएगा। पुलिसकर्मी की बाइक चोरी

जेएनएन, सिकंदराबाद: नगर हाईवे स्थित कुत्ते की कब्र के निकट बाइक चोर ने दुस्साहस दिखाते हुए पुलिसकर्मी की आंखों की सामने से बाइक लेकर फरार हो गया। जबकि बाइक स्वामी पुलिसकर्मी शोर मचाता रह गया। पीड़ित ने अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।

नगर के मोहल्ला पक्काबाग निवासी ज्ञानेंद्र क्राइम ब्रांच में मेरठ में तैनात हैं। सोमवार की सुबह वह मोहल्ले के निकट की नगरपालिका रोड स्थित कुत्ते की कब्र स्थित मार्केट से घरेलू सामान खरीदने गए हुए थे। सामान खरीदने के दौरान उन्होंने बाइक को कुछ दूरी पर खड़ा कर दिया। बताया कि सामान लेकर जब लौटने लगे तो एक युवक को उनकी बाइक को स्टार्ट कर ले जाने लगा। शोर मचाने के बाद भी चोर बाइक लेकर फरार हो गया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।

chat bot
आपका साथी