थाने पहुंचे विधायक की कोतवाल से नोकझोंक

शिकायत के बाद क्षेत्र पंचायत सदस्य को पुलिस ने नगर की एक महिला चिकित्सक के क्लीनिक से बरामद कर लिया। सदस्य ने अपनी मर्जी से वहां रहना बताया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 14 Jun 2021 10:53 PM (IST) Updated:Mon, 14 Jun 2021 10:53 PM (IST)
थाने पहुंचे विधायक की कोतवाल से नोकझोंक
थाने पहुंचे विधायक की कोतवाल से नोकझोंक

जेएनएन, बिजनौर। शिकायत के बाद क्षेत्र पंचायत सदस्य को पुलिस ने नगर की एक महिला चिकित्सक के क्लीनिक से बरामद कर लिया। सदस्य ने अपनी मर्जी से वहां रहना बताया। महिला चिकित्सक से पूछताछ करने पर कोतवाल और नगीना के सपा विधायक मनोज पारस के बीच नोकझोंक हुई। विधायक ने थाना प्रभारी पर अभद्रता का आरोप लगाया।

किरतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम इस्लामपुर सादात से रेखा पत्नी उधम सिंह क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) चुनी गई हैं। ब्लाक प्रमुख के एक संभावित उम्मीदवार ने पांच दिन पहले रेखा, उनके पति उधम सिंह तथा दो बच्चों को अपने साथ लाकर नगर की एक महिला चिकित्सक के क्लीनिक पर रखा था। बीडीसी महिला के दो बच्चे गांव में घर पर ही थे। रविवार को उधम सिंह के भाई धर्मेंद्र सिंह ने कोतवाल को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि कुछ लोग उनके भाई, उनकी पत्नी रेखा तथा दो बच्चों को बहला-फुसला कर ले गए। घर पर उनके दो बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। सोमवार दोपहर किरतपुर पुलिस ने बीडीसी रेखा, उनके पति और बच्चों को नगर की एक महिला चिकित्सक के अस्पताल से बरामद कर लिया। पुलिस बीडीसी रेखा तथा महिला चिकित्सक अनीता देवी को पूछताछ के लिए थाने ले आई। बीडीसी सदस्य ने स्वयं वहां रहने की बात कही। इस दौरान डा. अनीता ने क्षेत्रीय विधायक मनोज पारस से कोतवाल पर परेशान करने की शिकायत कर दी। इस पर विधायक मनोज पारस थाने पहुंचे। उन्होंने थानेदार से मामले की जानकारी ली। इस दौरान विधायक और कोतवाल के बीच नोकझोंक हो गई। विधायक ने थाना प्रभारी पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों से शिकायत की। कोतवाल ने विधायक से अभद्र व्यवहार करने के आरोप को निराधार बताया है।

chat bot
आपका साथी