लोहे की सीढि़यों में छोड़ा करंट, दो बंदर मरे

बिजनौर जेएनएन। देवभूमि हरिद्वार की सीमा से सटे नजीबाबाद के भागूवाला क्षेत्र में करंट फैलाकर

By JagranEdited By: Publish:Mon, 28 Sep 2020 08:58 PM (IST) Updated:Tue, 29 Sep 2020 05:09 AM (IST)
लोहे की सीढि़यों में छोड़ा करंट, दो बंदर मरे
लोहे की सीढि़यों में छोड़ा करंट, दो बंदर मरे

बिजनौर, जेएनएन। देवभूमि हरिद्वार की सीमा से सटे नजीबाबाद के भागूवाला क्षेत्र में करंट फैलाकर दो बंदरों की जान ले ली गई। वनकर्मी ने आरोपित के खिलाफ पुलिस को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

भागूवाला क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से काफी बंदर देखे जा रहे हैं। बंदरों से बचने के लिए अपनाए जाने वाले तरीकों में एक व्यक्ति ने बड़ा ही खतरनाक तरीका अपनाया। क्षेत्र में लोहे से बनी सीढि़यों में रात्रि में करंट छोड़े जाने से सीढि़यों पर पहुंचे दो बंदर करंट की चपेट में आने से मर गए। सुबह बंदरों के शव पड़े देखे गए। ग्रामीणों की सूचना पर वन दारोगा मौके पर पहुंचे और बंदरों के शवों को कब्जे में लिया। उन्होंने इसकी जानकारी मंडावली थाना पुलिस और वन अधिकारियों को दी। मंडावली थानाध्यक्ष ने बताया कि करंट से बंदरों के मरने की जानकारी उन्हें मिली है। वह विभागीय कार्य से बिजनौर पहुंचे हुए हैं। घटना को गंभीरता से लिया जाएगा। तहरीर के आधार पर संबंधित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि लोहे की जिन सीढि़यों में करंट छोड़ा जाना बताया गया है, वह खुले में है और सड़क के किनारे है। गनीमत है कि कोई व्यक्ति सीढ़ी के आसपास नहीं पहुंचा। इससे अनहोनी की आशंका थी।

chat bot
आपका साथी