नियमित योग से बढ़ेगी इम्यूनिटी, आक्सीजन में भी होगा इजाफा
योगासन और आयुर्वेद को अपनाया जाए तो कोरोना के खिलाफ कारगर साबित हो सकता है। योगाचार्य डा. खूब सिंह इस कोरोनाकाल में योग को अपनाने पर जोर दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि योगासन से स्वस्थ रह सकते हैं।
जेएनएन, बिजनौर। योगासन और आयुर्वेद को अपनाया जाए तो कोरोना के खिलाफ कारगर साबित हो सकता है। योगाचार्य डा. खूब सिंह इस कोरोनाकाल में योग को अपनाने पर जोर दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि योगासन से स्वस्थ रह सकते हैं।
नगर के योगाचार्य डा. खूब सिंह का कहना है कि मौजूदा हालात बेकाबू हो रहे हैं। मनुष्य को अब आंतरिक रूप से मजबूत होने की आवश्यकता है। देखा जा रहा है कि आक्सीजन की कमी को योग क्रियाओं के माध्यम से बढ़ाना कारगर सिद्ध हो रहा है। हालांकि, योग क्रियाएं आचार्य के निर्देशन में हों तो अच्छा साबित होगा। कोरोना के मरीजों को सबसे पहले साहस बनाकर रखना चाहिए। उसके बाद सांस लेने में तकलीफ हो तो वह सबसे पहले बैड पर पेट के बल लेट जाएं एक तकिया मुंह के नीचे तो दूसरा पेट के नीचे लगाएं। वहीं, दो तकिए पैरों के नीचे लगाएं। गर्दन एक तरफ करते हुए लंबे और गहरे सांस लेते हुए छोड़ें। दो से पांच मिनट तक यह क्रिया करते रहें। इससे आक्सीजन स्तर बढ़ेगा। यह क्रिया खुले और स्वच्छ वातावरण में हो तो बहुत अच्छा रहेगा। वहीं, अनुलोम विलोम, सूर्य नमस्कार और सशकासन भी बहुत अच्छा रहेगा। स्वस्थ्य व्यक्ति को भी लगातार योग में दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। ताकि, वह आंतरिक और शारीरिक रूप से भी मजबूत बना रहेगा। बताया कि आयुर्वेदिक काढ़ा भी बहुत कारगर साबित हो रहा है। गर्म पेय का अधिक सेवन इस बीमारी में फायदेमंद साबित होगा। सजगता के साथ-साथ शारीरिक मजबूती के जरिए कोरोना से बचा जा सकता है।