पक्का आवास मिला नहीं, कच्ची छत भी ढही

नजीबाबाद में प्रधानमंत्री आवास योजना में आवास मांगते-मांगते थक चुके एक परिवार के सिर पर अब छत भी नहीं रही। दरअसल बारिश से छत का कुछ हिस्सा ढह गया। एक बल्ली के सहारे रुकी शेष छत के नीचे परिवार डर-डरकर रहने को मजबूर है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 29 Jul 2021 04:29 AM (IST) Updated:Thu, 29 Jul 2021 04:29 AM (IST)
पक्का आवास मिला नहीं, कच्ची छत भी ढही
पक्का आवास मिला नहीं, कच्ची छत भी ढही

जेएनएन, बिजनौर। नजीबाबाद में प्रधानमंत्री आवास योजना में आवास मांगते-मांगते थक चुके एक परिवार के सिर पर अब छत भी नहीं रही। दरअसल, बारिश से छत का कुछ हिस्सा ढह गया। एक बल्ली के सहारे रुकी शेष छत के नीचे परिवार डर-डरकर रहने को मजबूर है।

मोहल्ला मकबरा की वाल्मीकि बस्ती में अशोक सिंह पत्नी उमा देवी और बच्चों के साथ कड़ीनुमा कच्ची छत के मकान में रहते हैं। बुधवार सुबह करीब नौ बजे छत की एक कड़ी टूट गई और मलबा नीचे आ गिरा। उस समय छत के नीचे उमा देवी, उनकी पुत्री श्वेता, विवाहिता पुत्री पायल गोद में नन्हे बालक को लेकर बैठी थी। छत से मलबा गिरते ही सभी घर से बाहर की ओर भागे। हालांकि कोई जनहानि नहीं पहुंची, लेकिन घर का कुछ सामान दब गया। सूचना पर सभासद पूनम देवी के पति नरेंद्र सिंह एवं नामित सभासद रामपाल सिन्हा ने अशोक सिंह के घर पहुंचकर स्थिति देखी। रामपाल सिन्हा ने घटना से तहसीलदार राधेश्याम शर्मा को अवगत कराया। शहर लेखपाल ने मौका मुआयना कर प्रशासन को रिपोर्ट दी। अशोक सिंह ने बताया कि वह प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पाने के लिए तहसील और नगरपालिका के चक्कर काटते थक चुके हैं। कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इसके अलावा भड़भूजों का चौराहा क्षेत्र में काफी पुरानी बिल्डिंग का कुछ हिस्सा बारिश से प्रभावित होकर गिर गया। संयोग से कोई घायल नहीं हुआ।

---

प्रशासन को घटना से अवगत करा दिया है। अशोक के परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी का लाभ दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। -रामपाल सिन्हा, नामित सभासद नजीबाबाद

---

इनका कहना है

प्राथमिक स्तर पर पीड़ित परिवार को क्षतिपूर्ति के लिए मिलने वाला लाभ दिला दिया जाएगा। साथ ही पात्रता की जांच करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए प्रस्तावित कर दिया जाएगा।

-राधेश्याम शर्मा, तहसीलदार, नजीबाबाद

chat bot
आपका साथी