धान क्रय केंद्र तीन दिनों से बंद, किसान परेशान

हरेवली में किसान सेवा सहकारी समिति पर संचालित धान क्रय केंद्र पिछले तीन दिनों से बंद पड़ा है। इससे किसानों का धान नहीं तौला गया है दो दिन से मौसम खराब होने के चलते और बारिश की आशंका पर उन्हें धान भीगने का डर सता रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 02 Dec 2021 05:46 PM (IST) Updated:Thu, 02 Dec 2021 06:07 PM (IST)
धान क्रय केंद्र तीन दिनों से बंद, किसान परेशान
धान क्रय केंद्र तीन दिनों से बंद, किसान परेशान

बिजनौर, जागरण टीम। हरेवली में किसान सेवा सहकारी समिति पर संचालित धान क्रय केंद्र पिछले तीन दिनों से बंद पड़ा है। इससे किसानों का धान नहीं तौला गया है, दो दिन से मौसम खराब होने के चलते और बारिश की आशंका पर उन्हें धान भीगने का डर सता रहा है। बुधवार को किसानों का गुस्सा भड़क गया, उन्होंने एसडीएम कार्यालय पर ट्राली ले जाकर प्रदर्शन किया। शिकायत पर एसडीएम भी निरीक्षण करने पहुंचे।

हरेवली में भगोता, कुराली, चाहणवाला, भोगपुर, वीरभानवाला, कुआंखेड़ा, टांडा, परमावाला, शहजादपुर, खिजरपुर, नागपुर, बाजिदपुर आदि गांवों के किसानों के धान बेचने के लिए मात्र एक केंद्र है। लालदीप सिंह, कतर सिंह, गुरजीत सिंह, सुखजीत, छोटे सिंह, पप्पू, श्यामलाल, सज्जन सिंह आदि किसानों ने बताया कि धान क्रय केंद्र पिछले तीन दिनों से बंद पड़ा है। केंद्र प्रभारी ने फोन बंद कर रखा है, जबकि किसानों की धान से लदी ट्राली खुले में तीन दिनों से खड़ी है। अब मौसम भी खराब हो रहा है। इससे किसानों को धान भीगने का डर सता रहा है।

किसानों ने एसडीएम विजय वर्धन से शिकायत की, जिसके बाद वे भी केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने किसानों से जानकारी ली और नाराजगी जताते हुए कर्मचारियों को जल्द खरीद शुरू करने को कहा। एसडीएम ने बताया कि कर्मचारियों के मुताबिक बारदाना ना होने से परेशानी हुई है। इसके जल्द समाधान को आदेश दिए गए हैं। एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन

संवाद सहयोगी, धामपुर : हरेवली के नाराज किसान बुधवार दोपहर धान से भरी ट्रैक्टर-ट्राली लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंच गए। जहां उन्होंने कार्यालय परिसर में ट्राली खड़ी करके प्रदर्शन किया। भाकियू तहसील अध्यक्ष राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में किसानों ने प्रदर्शन किया। राजेंद्र सिंह ने कहा कि लगातार मांग के बाद भी किसान परेशान हैं। मौके पर एसडीएम भी पहुंचे और जल्द समाधान का आश्वासन दिया।

chat bot
आपका साथी