शराब पीने को लेकर हुए विवाद में सौतेले पिता की फूंकनी से हत्या

शराब पीने को लेकर शनिवार रात गांव रतनपुर रियाया में पिता-पुत्र में विवाद हो गया। इस बीच सौतेल बेटे ने चूल्हे में आग जलाने वाली फूंकनी से पिता की हत्या कर दी।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 11:09 PM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 11:09 PM (IST)
शराब पीने को लेकर हुए विवाद में सौतेले पिता की फूंकनी से हत्या
शराब पीने को लेकर हुए विवाद में सौतेले पिता की फूंकनी से हत्या

बिजनौर, जेएनएन। शराब पीने को लेकर शनिवार रात गांव रतनपुर रियाया में पिता-पुत्र में विवाद हो गया। सौतेले बेटे ने चूल्हे में आग जलाने वाली फूंकनी से पिता के सिर में वार कर दिया। उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

48 वर्षीय कामेंद्र पुत्र मुनेंद्र शनिवार देर रात शराब पीकर घर आया। इसी बात को लेकर पत्नी मोना और बेटे मनोज से उसकी कहासुनी हो गई। मारपीट भी हुई। इस दौरान मनोज ने आग जलाने में इस्तेमाल होने वाली लोहे की फूंकनी पिता के सिर में मार दी। फूंकनी लगने से कामेंद्र बेहोश होकर जमीन पर गिर गए। उन्हें डाक्टर के पास ले जाया गया लेकिन उनकी मौत हो गई। सीओ कुलदीप गुप्ता ने पुलिसबल के साथ मौका मुआयना किया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने कामेंद्र के भाई दिनेश की तहरीर पर भतीजे मनोज के खिलाफ गैर इरादातन हत्या का मामला दर्ज कर लिया। मनोज को गिरफ्तार कर फूंकनी बरामद कर ली। कामेंद्र खेतीबाड़ी करते थे जबकि मनोज दिल्ली में मिठाई बनाने का काम करता था। दो माह पूर्व ही घर आया था। कामेंद्र के आए दिन शराब पीने को लेकर घर में विवाद रहता था। सीओ कुलदीप गुप्ता का कहना है कि आपसी कलह के चलते घटना हुई है।

-2004 में पत्नी के साथ आया था मनोज

कामेंद्र 2004 में ट्रक चालक था। उसकी शादी नहीं हुई थी। वह असम से मोना नाम की महिला को ले आया था। उसी के साथ मनोज और उसके दो भाई साथ आए थे। उक्त तीनों बच्चे महिला के पूर्व पति के थे। कामेंद्र से एक बेटा और बेटी पैदा हुए। मनोज के दोनों बड़े भाई भी बाहर नौकरी करते हैं।

chat bot
आपका साथी