युवती का रिश्ता रुकवाने के लिए रची थी अपहरण की साजिश

शुभम ने युवती का रिश्ता रुकवाने के लिए अपने अपहरण की साजिश रची थी। पुलिस दो दिन से उससे पूछताछ कर रही है। अभी तक पुलिस युवक के खिलाफ कार्रवाई को लेकर खामोशी साधे हुए हैं।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 11 Oct 2021 07:33 PM (IST) Updated:Mon, 11 Oct 2021 07:33 PM (IST)
युवती का रिश्ता रुकवाने के लिए रची थी अपहरण की साजिश
युवती का रिश्ता रुकवाने के लिए रची थी अपहरण की साजिश

जेएनएन, बिजनौर। शुभम ने युवती का रिश्ता रुकवाने के लिए अपने अपहरण की साजिश रची थी। पुलिस दो दिन से उससे पूछताछ कर रही है। अभी तक पुलिस युवक के खिलाफ कार्रवाई को लेकर खामोशी साधे हुए हैं।

हल्दौर थाना क्षेत्र के गांव गंगौड़ा शेख निवासी शुभम पुत्र वीर सिंह की कार शुक्रवार रात बिजनौर-झालू रोड पर जलालपुर छोईया गांव के पास रोड पर खड़ी मिली थी। युवक के पिता ने दूर के चार रिश्तेदारों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। उन्हें हिरासत में ले लिया था। रविवार सुबह शुभम नाटकीय ढंग से स्वजन के साथ थाने पहुंच गया था। एसपी डा. धर्मवीर सिंह ने बताया कि युवक का कहना है कि किसी ने उसकी कार पर पत्थर मारा। इसके बाद उसे बेहोशी आ गई। बाद में वह हरिद्वार मिला। जांच में सामने आया कि वह दूर की एक रिश्तेदार युवती से एकतरफा प्यार करता था। रविवार को उसका रिश्ता जाना था। शुभम उसका रिश्ता रुकवाना चाहता था। इसलिए, उसने प्लानिग के तहत खुद के अपहरण की कहानी रच दी। वह गायब हो गया। इसके बाद भी स्वजन रिश्ता लेकर चले गए। जानकारी होने पर वह लौट आया। फिलहाल पुलिस अभी पूछताछ कर रही है। 36 घंटे बाद भी पुलिस कार्रवाई को लेकर चुप्पी साधे हुए हैं। बताया जा रहा है कि कुछ सत्ताधारी नेता मामले में सुलह के प्रयास में लगे हैं। एसपी का कहना है कि जांच चल रही है। तमाम तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

-चौबीस घंटे बाद भी युवती का रिश्ता टूटा

रविवार सुबह को युवती का रिश्ता जाना था। शुभम के अपहरण के मामले में शनिवार रात उसके पिता, भाई और जीजा के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने पिता, भाई और जीजा को उठा लिया। करीबी स्वजन रिश्ता लेकर लड़के पक्ष के यहां चले गए। लगन चढ़ने के चौबीस घंटे बाद ही सोमवार सुबह लड़के पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया। उनका रिश्ता तोड़ते हुए सामान वापस भेज दिया। इसकी भनक लगते ही लड़की पक्ष का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि युवक दो बार पहले भी रिश्ता तुड़वा चुका है। शुभम शादीशुदा है। उसका तीन साल का बेटा है।

chat bot
आपका साथी