किसान विरोधी है भाजपा सरकार: राहुल

जेएनएन बिजनौर। कृषि कानून के विरोध में रालोद भी लगातार आंदोलनरत है। इसके तहत उनका गां

By JagranEdited By: Publish:Mon, 01 Mar 2021 10:14 PM (IST) Updated:Mon, 01 Mar 2021 10:14 PM (IST)
किसान विरोधी है भाजपा सरकार:  राहुल
किसान विरोधी है भाजपा सरकार: राहुल

जेएनएन, बिजनौर। कृषि कानून के विरोध में रालोद भी लगातार आंदोलनरत है। इसके तहत उनका गांव चलो अभियान जारी है। पीपला जागीर में अभियान के दौरान हुए पंचायत में वक्ताओं ने भाजपा को किसान विरोधी सरकार बताया। किसान ही नहीं आम आदमी पूरी तरह त्रस्त है।

पंचायत में बोलते हुए जिलाध्यक्ष राहुल चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार कृषि कानून के बहाने किसानों को मिटाने का काम कर रही है। कानून से किसान ही नहीं आम और गरीब आदमी भी प्रभावित होगा। कहा कि भाजपा सरकार में बिजली, डीजल पेट्रोल, रसोई गैस के मूल्यों पर लगातार वृद्धि हो रही है। देश की आर्थिक व्यवस्था चौपट होने के कगार पर है। देश के किसानों का दुर्भाग्य है कि आंदोलन में 200 किसानों की मौत पर भाजपा के किसी नेता ने दुख तक नहीं जताया। अध्यक्षता संसार सिंह व संचालन राजवीर सिंह ने किया। इस अवसर पर लक्ष्मीकांत शर्मा, उत्तम कुमार, शीशपाल सिंह, रालोद के जिला महासचिव चौधरी अजयवीर सिंह, देवेंद्र सिंह, गुलाम मुस्तफा, ओमवीर सिंह आदि मौजूद रहे।

काली पट्टी बांधकर शिक्षकों ने किया प्रदर्शन

जेएनएन, बिजनौर। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के प्रांतीय आह्वान पर शिक्षकों ने बीआरसी कार्यालय पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार द्वारा 21 सूत्रीय मांगें पूरी नहीं करने पर रोष भी प्रकट किया।

सोमवार सुबह दस बजे संघ के जिलाध्यक्ष सुधीर यादव और ब्लाक अध्यक्ष हितेश चौहान के संयुक्त नेतृत्व में ब्लाक क्षेत्र के शिक्षक बीआरसी कार्यालय पर एकत्रित हुए। यहां पर उन्होंने 21 सूत्रीय मांगों के समर्थन में हाथों पर काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रांतीय आह्वान पर एक मार्च से पांच मार्च तक गोपनीय आख्या अंकन हेतु नियमावली के विरुद्ध जाकर महानिदेशक द्वारा निर्धारित किए गए पैरामीटर्स के विरोध तथा पुरानी पेंशन बहाली सहित 21 सूत्रीय लंबित मांगपत्र के समर्थन में काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शित करते हुए विद्यालय में रहकर शिक्षण कार्य करना है। कहा कि पूर्व में 17 फरवरी को मांगों के निस्तारण को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को दिया गया था, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। मांगे पूरी न होने पर मई माह में जिला मुख्यालय स्तर पर धरना प्रदर्शन करने का ऐलान किया। प्रदर्शन करने वालों में जिला प्रवक्ता अंगजीत चौधरी, नितिन चौहान, भूपेंद्र चौहान, संजय कुमार, पंकज कुमार आदि शामिल रहे।

chat bot
आपका साथी