सजधज कर तैयार हुआ बाजार, महापर्व धनतेरस आज

भदोही धनतेरस की पूर्व संध्या पर सोमवार को दिन भर दुकानों मकानों व प्रतिष्ठानों को सजाने संवारने का काम जारी रहा।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 01 Nov 2021 06:37 PM (IST) Updated:Mon, 01 Nov 2021 06:37 PM (IST)
सजधज कर तैयार हुआ बाजार, महापर्व धनतेरस आज
सजधज कर तैयार हुआ बाजार, महापर्व धनतेरस आज

जागरण संवाददाता, भदोही: धनतेरस की पूर्व संध्या पर सोमवार को दिन भर दुकानों, मकानों व प्रतिष्ठानों को सजाने संवारने का काम जारी रहा। देर शाम तक आभूषण, इलक्ट्रानिक्स, बर्तन आदि की दुकानें सज धज कर तैयार हो गई थीं। ग्राहकों का टोटा रहा बावजूद इसके दुकानदारों में धनतेरस को लेकर उत्साह देखा गया। लोगों का कहना है कि इक्का दुक्का ग्राहकों को छोड़कर धनतेरस की पूर्व संध्या पर अधिकतर लोग खरीदारी से परहेज करते हैं। इसलिए इस दिन अधिकतर दुकानदार तैयारी करने में व्यस्त रहे।

महत्वपूर्ण पर्व दीपावली की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। मकानों, प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई व रंग रोगन के साथ इलेक्ट्रिक झालरों से सजाया संवारा जा रहा है। दीपावली से पूर्व धनतेरस को लेकर लोगों में खूब उत्साह है। सामानों का स्टाक करने के साथ-साथ दुकानों की सफाई, रंग रोगन आदि का काम दिन भर चलता है। शाम को दुकानों की सजावट कर बिक्री के सामानों को सजाने में लोग जुटे थे। पर्व के मद्देनजर घरों की सजावट में काम आने सामानों की दुकानें भी जगह-जगह सज गई थीं। दुकानदारों से लेकर ग्राहक तक धनतेरस के लिए तैयार नजर आए। उधर प्रमुख वाहन एजेंसियों, इलेक्ट्रानिक दुकानों में धनतेरस की विशेष रूप से तैयारियां की गई हैं। बाइक एजेंसी संचालक मनोज यादव का कहना है कि धनतेरस उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण पर्व है। बड़ी संख्या में ग्राहकों की आमद होती है। ऐसे में एजेंसी की साज सज्जा को लेकर गंभीरता बरतना जरूरी है। इलेक्ट्रानिक्स सामानों के प्रमुख विक्रेता गया प्रजापति भी धनतेरस के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उनका कहना है कि व्यवसायियों के लिए इससे बेहतर अवसर नहीं मिलेगा।

chat bot
आपका साथी