राम-भरत का मिलन देख छलके खुशी के आंसू

भरत मिलाप - गोपीगंज नगर के रामलीला मैदान में फूलों से सुशोभित मंच पर गले लगे चारों भाई - क

By JagranEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 03:51 PM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 03:51 PM (IST)
राम-भरत का मिलन देख छलके खुशी के आंसू
राम-भरत का मिलन देख छलके खुशी के आंसू

भरत मिलाप

- गोपीगंज नगर के रामलीला मैदान में फूलों से सुशोभित मंच पर गले लगे चारों भाई

- कोविड गाइडलाइंस के पालन में नहीं निकले लाग-विमान, दर्शकों ने लगाए जयकारे

जागरण संवाददाता, गोपीगंज (भदोही) : गोपीगंज नगर का ऐतिहासिक और प्रसिद्ध भरत मिलाप रविवार की रात सकुशल संपन्न हुआ। नगर के रामलीला मैदान में रंग-बिरंगे फूलों से सुशोभित मंच पर प्रभु श्रीराम समेत चारों भाइयों के मिलन का नयनाभिराम दृश्य देख खुशी के आंसू छलक पड़े। मिलन की साक्षी बनी दर्शकों की भीड़ द्वारा लगाए गए जयकारे से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा। हालांकि इस बार कोरोना वायरस संक्रमण के दृष्टिगत जारी कोविड-19 गाइडलाइंस के पालन में लाग- विमानों का प्रदर्शन नहीं किया गया।

इस बार राजमार्ग पर स्थित बड़ा चौराहा के बजाय रामलीला मैदान में ही भरत मिलाप संपन्न कराया गया। लीला स्थल के मध्य रंग-बिरंगे सुगंधित फूलों से सजाए मिलन मंच पर रथ पर सवार होकर प्रभु श्रीराम-लक्ष्मण पहुंचे। जहां पहले से ही उनके आगमन का इंतजार कर रहे भरत और शत्रुघ्न को गले लगा लेते हैं। मां सीता सहित चारों भाइयों के मिलन के इस पल को देख दर्शक भावुक हो उठे। चारों भाइयों ने मिलन मंच की परिक्रमा कर लोगों को दर्शन दिया। मिलन के पश्चात प्रभु श्रीराम का राज्याभिषेक किया गया। आरती पूजन के साथ अगले वर्ष के लिए लीला को विराम दे दिया गया। मेले में तरह-तरह की सजी दुकानों के साथ मनोरंजन के लिए झूला आदि भी लगाए गए थे। मेले में पहुंचे विधायक दीनानाथ भास्कर, नगर पालिका अध्यक्ष प्रह्लाददास गुप्त ने झांकी का अवलोकन किया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अभिनव वर्मा के साथ चौकी प्रभारी संतोष कुमार राय बड़ी संख्या में फोर्स के साथ सुरक्षा व्यवस्था में लगे रहे। ब्लाक प्रमुख ज्ञानपुर के प्रतिनिधि अखिलेश्वर प्रताप सिंह, भाजपा नेता सुनील मिश्र, नव युवक दल के रामलाल अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, कृष्ण कुमार खटाई व क्षेत्र के कई गणमान्य लोग पहुंचे। लीला संपन्न कराने में उमेश सिंह बघेल, अखिलेंद्र सिंह बघेल, संतोष बघेल, नागेंद्र सिंह, नवीन मिश्रा, अनिल शुक्ला, जितेंद्र गुप्ता, मोहित उमर आदि लगे रहे।

chat bot
आपका साथी