क्रय केंद्रों से गायब हुआ बोरा, लौट रहे अन्नदाता

जागरण संवाददाता घोसिया (भदोही) किसानों को धान उपज को बेचने में कोई परेशानी नहीं आएग

By JagranEdited By: Publish:Mon, 23 Nov 2020 07:21 PM (IST) Updated:Tue, 24 Nov 2020 12:16 AM (IST)
क्रय केंद्रों से गायब हुआ बोरा, लौट रहे अन्नदाता
क्रय केंद्रों से गायब हुआ बोरा, लौट रहे अन्नदाता

जागरण संवाददाता, घोसिया (भदोही) : किसानों को धान उपज को बेचने में कोई परेशानी नहीं आएगी। उनकी उपज का वाजिब मूल्य भी हासिल हो जाएगा। इस तरह के दावे के साथ धान खरीद के लिए स्थापित क्रय केंद्रों पर खरीद की व्यवस्था ठीक नहीं हो पा रही है। कहीं बोरे का अभाव बाधा खड़ी कर रही है तो कहीं धान बेच चुके किसान खाते में धन आने का इंतजार कर रहे हैं। किसानों को दिक्कत बढ़ी हुई है। इस कारण वे औने-पौने दाम में बिचौलियों के हाथ धान बेचने को विवश हो रहे हैं।

औराई तहसील क्षेत्र में धान खरीद के लिए साधन सहकारी समिति उगापुर व साधन सहकारी समिति कैयरमऊ में 10 दिन से बोरे का अभाव बताकर धान खरीद नहीं की जा रही है। इससे धान उपज बेचने की आस में पहुंचने वाले अन्नदाता निराश होकर वापस लौट रहे हैं। सोमवार को कैयरमऊ केंद्र पर पहुंचे किसान होरीलाल, अजय व उमा मिश्रा ने बताया कि उन्हें पिछले 10 दिन से बोरा न होने की बात कहकर वापस किया जा रहा है। इसी तरह क्रय केंद्रों पर धान बेच चुके किसान पीयूष सिंह, अमरावती देवी व रामप्रसाद ने बताया कि दस दिन हो गया लेकिन अभी तक पैसा नहीं मिल सका है। जबकि उनकी गेंहू बोआई के लिए खाद-बीज की व्यवस्था करनी है। सोचा था कि पैसा मिलने पर बोआई के साथ घर गृहस्थी का अन्य कार्य हो जाएगा, लेकिन रोज केंद्र का चक्कर लगाना पड़ रहा है। वैसे इस संबंध में कैयरमऊ केंद्र के प्रभारी प्रेमबहादुर सिंह व ऊगापुर केंद्र के प्रभारी आशीष पटेल का कहना रहा कि बोरे की डिमांड की गई है। मिलने के बाद ही खरीदारी हो पाएगी।

chat bot
आपका साथी