प्रदेश अध्यक्ष के निशाने पर रहे पार्टी के बागी पदाधिकारी

जोरई स्थित जिला कार्यालय पर शनिवारी की देर रात पहुंचे

By JagranEdited By: Publish:Sun, 11 Apr 2021 10:18 PM (IST) Updated:Sun, 11 Apr 2021 10:18 PM (IST)
प्रदेश अध्यक्ष के निशाने पर रहे पार्टी के बागी पदाधिकारी
प्रदेश अध्यक्ष के निशाने पर रहे पार्टी के बागी पदाधिकारी

जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर(भदोही): जोरई स्थित जिला कार्यालय पर शनिवारी की देर रात पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह का बागियों के खिलाफ तेवर तल्ख था। उपस्थित कार्यकर्ता और पदाधिकारी को पुचकार भी तो कड़ी फटकार भी लगाई। एक माननीय उनके निशाने पर रहे और उनकी जमकर क्लास लगाई। माना जा रहा है कि उनके खिलाफ भी पार्टी कठोर कदम उठा सकती है। उनके जाते ही जिलाध्यक्ष विनय श्रीवास्तव ने बागियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया।

त्रिस्तरीय जिला पंचायत चुनाव संपन्न करवाने के लिए वार्ड प्रभारी और जिला चुनाव संचालन समिति प्रशिक्षण कार्यक्रम में शनिवार की रात 11 बजे सड़क मार्ग से प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे। इस दौरान पदाधिकारियों ने फूल मालाओं से लादकर स्वागत किया। उन्होंने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। साथ ही बगावत करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के लिए निर्देशित भी किया। चेताया कि अनुशासनहीनता किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन का निर्णय अंतिम होता है। बगावत करने वालों को पार्टी से बाहर कर दिया जाए। कहा कि पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से चुनाव में जुट जाएं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष के तेवर को देख लग रहा है कि अभी और लोगों पर भी गाज गिर सकती है। एक माननीय को भी करारा झटका लग सकता है। इस मौके पर क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव, चुनाव प्रभारी संजय राय, विधायक रवींद्रनाथ पांडेय, दीनानाथ भाष्कर, जिला महामंत्री रमेश पांडेय, संतोष तिवारी, लालता प्रसाद सोनकर आदि थे।

chat bot
आपका साथी