आधा दर्जन मकान गिरे, वृद्ध महिला घायल

जनपद में दो दिनों से लगातार हो रही बारिश से आधा दर्जन कच्चे मकान जमींदोज हो गए जबकि मलवे से दबकर एक वृद्ध महिला घायल हो गई। उसका इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया गया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 26 Aug 2018 07:13 PM (IST) Updated:Sun, 26 Aug 2018 10:24 PM (IST)
आधा दर्जन मकान गिरे, वृद्ध महिला घायल
आधा दर्जन मकान गिरे, वृद्ध महिला घायल

जागरण संवाददाता, ऊंज/ चौरी (भदोही) : जनपद में दो दिनों से लगातार हो रही बारिश से आधा दर्जन कच्चे मकान जमींदोज हो गए जबकि मलवे से दबकर एक वृद्ध महिला घायल हो गई। उसका इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया गया। इसके साथ ही कुरमैचा गांव तीन मवेशियों के दब जाने से ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। गरीबों के गिर रहे आशियाना को लेकर मुआवजा न मिलने पर स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

डीघ क्षेत्र के बिछिया गांव में गोपालदास वर्मा, चंदापुर गांव में कमलेश गौतम, विशाल गौतम तथा नवधन गांव में बच्चेलाल चौहान, बनवारी चौहान, विजय चौहान के कच्चे घर उस समय गिर गए जब परिवार के लोग रात में सोने की तैयारी कर रहे थे। पीड़ितों ने बताया कि कपड़ा, बिस्तर, चारपाई, खाद्यान्न आदि भी मलबे की जद में आकर दब गए। इसी तरह क्षेत्र के कुरमैचा गांव में विधवा शिवदेई का रिहायशी कच्चा घर बारिश के चलते गिर जाने से उसमें बंधे तीन मवेशी गंभीर रुप से घायल हो गए। रविवार को क्षेत्र के भकोड़ा गांव स्थित एक कच्चा मकान भरभरा कर गिर जाने से जहां हजारों का नुकसान हुआ वहीं मलबे में दबने से एक वृद्धा गंभीर रूप घायल हो गई। आनन फानन उसे भदोही के इंदिरा मिल चौराहा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गांव के स्व. जयमूर्ति दुबे का कच्चा मकान अचानक धराशाई हो गई। घर में उस समय साठ वर्षीय शांति देवी अपने पुत्र धर्मेंद्र के साथ बैठी हुई थी। मलबे की जद में आने से उन्हें गंभीर चोटें आईं। राहत की बात यह है कि पुत्र धर्मेंद्र बाल बाल बच गया। बारिश का क्रम अनवरत जारी रहने से चारों तरफ पानी का भराव होने के कारण कच्चे घरों के गिरने का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। जिम्मेदार महकमा भी इसको लेकर अंजान बना हुआ है।

-----------

-क्षेत्रीय लेखपालों के न पहुंचने पर बढ़ रहा आक्रोश

डीघ क्षेत्र के दरवांसी सहित अन्य गांवों में बारिश से गिरे घरों का स्थलीय निरीक्षण न किए जाने से लोगों में क्षेत्रीय लेखपालों के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है। दरवांसी गांव के हफीजुल्ला और गोड़ बस्ती के लोगों ने बताया कि गत दिनों हुई जोरदार बारिश की चपेट में आकर दर्जनभर से अधिक रिहायशी घर गिर गए थे जिसकी शिकायत संबंधित लेखपालों से की गई थी। बावजूद इसके अभी तक मौके पर पहुंचकर हकीकत देखने और मिलने वाली सुविधाओं में हो रही लेटलतीफी पीड़ितों को रास नहीं आ रही है। इस बाबत हफीजुल्ला, शोभनाथ, करिया आदि ने जिलाधिकारी से मुआवजा और आवास दिलाने की मांग की है।

chat bot
आपका साथी