डांस को लेकर भिड़े घराती-बराती, कई घायल
ऊंज (भदोही) थाना क्षेत्र के सूफीनगर में रविवार को दिन में आई बारात में बज रहे डीजे पर डांस को लेकर घराती-बराती भिड़ गए।
जागरण संवाददाता, ऊंज (भदोही) : थाना क्षेत्र के सूफीनगर में रविवार को दिन में आई बारात में बज रहे डीजे पर डांस को लेकर घराती-बराती भिड़ गए। इस दौरान जमकर हुई मारपीट के दौरान चले ईंट-पत्थर से अफरा-तफरी मच गई। इसमें कई लोग घायल हो गए।
सूफीनगर में साहउद्दीन की पुत्री बारात रविवार को दोपहर प्रयागराज जनपद के हंडिया थानांतर्गत गोढवा गांव से आई थी। दोपहर लगभग दो बजे बाराती डीजे के साथ नाचते हुए द्वार लगने जा रहे थे। इसी बीच घराती पक्ष के कुछ युवक शामिल होकर नाचना शुरू कर दिए। जिसका विरोध करने पर वाद विवाद व हाथापाई शुरू हो गई। इसी बीच बरातियों ने एक युवक की पिटाई कर दी। इससे बात बढ़ गई। देखते ही देखते मारपीट हो गई। घटना में सैफ अली, हकीम अली सहित कई अन्य घायल हो गए। उधर मारपीट होते ही बड़ी संख्या में बाराती भाग निकले। जानकारी होने पर मय फोर्स पहुंची थानाध्यक्ष पूजा कौर ने दोनों पक्ष के 10 लोगों को हिरासत में ले लिया। साथ ही पुलिस की मौजूदगी में शादी संपन्न कराकर विदाई कराई गई।