शिवालयों में उमड़ी आस्था

जागरण संवाददाता ज्ञानपुर (भदोही) सावन मास के दूसरे सोमवार को सकल संसार के स्वामी देवाधिद

By JagranEdited By: Publish:Mon, 02 Aug 2021 06:01 PM (IST) Updated:Mon, 02 Aug 2021 06:01 PM (IST)
शिवालयों में उमड़ी आस्था
शिवालयों में उमड़ी आस्था

जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : सावन मास के दूसरे सोमवार को सकल संसार के स्वामी देवाधिदेव महादेव भगवान शंकर का के दरबार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। शारीरिक दूरी का पालन करते हुए शिवालयों में भक्तों की लंबी कतार लगी रही। दिन-भर बाबा का दुग्धाभिषेक, जलाभिषेक और विधि-विधान से पूजन-अर्चन चलता रहा। जहां एक ओर लंबी कतार में खड़े श्रद्धालु भूतनाथ की एक झलक पाने को बेताब रहे वहीं बोल बम की धुन समूचा क्षेत्र गुंजायमान रहा। शिव मंदिरों में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे।

देवाधिदेव महादेव के अतिप्रिय मास श्रावण के दूसरे सोमवार को भोर से ही जनपद के विभिन्न शिवालयों में शिवभक्तों की लंबी कतार लगी रही। हर-हर महादेव, बोल बम आदि के जयकारों से गांव और नगर गुंजायमान रहे। हरिहरनाथ मंदिर, दूधनाथ मंदिर पर बाबा के दर्शन-पूजन करने के लिए भोर से ही लंबी कतार लगी रही। दोपहर तक तो बहुत कम लोग ही बाबा दरबार में पहुंचे थे लेकिन शाम ढलते ही बड़ी संख्या में महिलाएं कतार में लग गईं। भूतनाथ को अर्पित करने के लिए बिल्व पत्र, पुष्प, भांग, धतूर का फल आदि थाल में सजा कर महिलाएं शिवधाम पहुंचती रहीं। अन्य शिव मंदिरों में भी भक्तों की लंबी कतार लगी रही। इस दौरान अव्यवस्था का आलम यह कि कुछ मंदिरों में साफ-सफाई की व्यवस्था ध्वस्त रही। सुरक्षा के मद्देनजर शिव मंदिरों पर कड़ी चौकसी रही। औराई, महराजगंज, बाबूसराय के सारीपुर, गिर्दबड़गांव और खमरिया के भुजवा शिवाला, दलपतेश्वर, राधाकृष्ण आदि स्थानों पर स्थित शिवालयों में भक्तों की लंबी कतार लगी रही। प्रशासन की टीम लगातार अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित शिव मंदिरों पर भ्रमण कर जायजा लेती रही। गोपीगंज में बड़े शिवमंदिर, तिलेश्वरनाथ मंदिर के साथ ही गंगा तट पर स्थित बाबा सेमराधनाथ मंदिर में भक्तों की लंबी कतार लगी रही। बाबा का दर्शन पूजन करने के पश्चात महिलाएं घर गृहस्थी का सामान भी खरीद रही थीं। मंदिर परिसर में शारीरिक दूरी का ख्याल रखा गया था। गर्भगृह में भक्तों के प्रवेश पर रोक लगा दिया था।

chat bot
आपका साथी