रामपुर और डेंगूरपुर में गंगा पर बनेगा पुल

जागरण संवाददाता ज्ञानपुर (भदोही) उप मुख्यमंत्री एवं लोकनिर्माण मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कह

By JagranEdited By: Publish:Sat, 13 Nov 2021 07:50 PM (IST) Updated:Sat, 13 Nov 2021 07:50 PM (IST)
रामपुर और डेंगूरपुर में गंगा पर बनेगा पुल
रामपुर और डेंगूरपुर में गंगा पर बनेगा पुल

जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : उप मुख्यमंत्री एवं लोकनिर्माण मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जब तक भाजपा की सरकार है, गुंडे व माफिया जेल से बाहर नहीं आ पाएंगे। शनिवार को गोपीगंज नगर स्थित एक लान में आयोजित भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में वह बोल रहे थे। उन्होंने जिले के रामपुर और डेंगूरपुर में गंगा पर पुल, माधोसिंह रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण की घोषणा। इसके साथ ही ज्ञानपुर विधानसभा सीट भी भाजपा के झोली में डालने का आह्वान किया। कहा कि भाजपा को जिन्होंने वोट दिया, नहीं दिया, सभी के लिए बगैर भेदभाव के काम किया जा रहा है। सभी को हर योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि विरोधी हसीन सपने देख रहे हैं। सवाल दागा कि जब 2014 में सपा- बसपा का गठबंधन भाजपा के विजय अभियान रथ को नहीं रोक सका तो क्या यह 2022 में संभव है। जवाब भी दिया कि नहीं। कहा कि भदोही की तीनों विधानसभा सीट आप तीन सीट दे दीजिए, हम प्रदेश को 300 के पार सीटें दे देंगे। कहा कि आज विरोधी देश हित में काम करने वाले संगठन आरएसएस पर सवाल खड़ा कर रहे हैं। जबकि क्या दूसरी सरकारों में धारा 370 हटाने, अयोध्या में राम मंदिर और काशी विश्वनाथ में कारिडोर का निर्माण संभव हो पाता। छोटी-छोटी बातों को भूलकर मात्र जिले की तीनों विधानसभा सीट को भाजपा के खाते में भेजने का लक्ष्य देखिए। उन्होंने भ्रष्टाचार पर कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी कहते थे कि हम 100 रुपये भेजते हैं तो अंतिम व्यक्ति तक 15 रुपये ही पहुंच पाता है, लेकिन भाजपा की ऐसी सरकार है जिसमें सौ रुपये भेजने पर पात्र व्यक्ति तक सौ रुपये पूरा पहुंच रहा है। किसान सम्मान निधि हो या फिर अन्य कोई योजना पूरा का पूरा पैसा लाभार्थियों के खाते में पहुंच रहा है। इसलिए कि भ्रष्टाचार नहीं होने दिया जा रहा है। आह्वान किया कि जनता को याद दिलाएं, सपा सरकार में कितने घंटे बिजली मिल रही थी। सड़कों की क्या दशा थी। कार्यकर्ताओं को नारा दिया कि पहले सौ में 60 हमारा, 40 में बंटवारा था तो इस बार सौ में 60 हमारा, 40 में बंटवारा और बंटवारे में भी हमारा नारा रहेगा। यानी तमाम लोग ऐसे होंगे जो घर से तो निकलेंगे दूसरी पार्टियों को वोट देने, लेकिन इवीएम तक पहुंचते-पहुंचते भाजपा के सुशासन, योजनाओं के मिले लाभ से उनका मन बदल जाएगा। और कमल के फूल का बटन दबाकर लौटेंगे।

मंच से सांसद रमेशचंद बिद, विधायक औराई दीनानाथ भास्कर, विधायक भदोही रविद्रनाथ त्रिपाठी, पूर्व सांसद गोरखनाथ पांडेय, ओमप्रकाश टंकी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के पूर्व कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अध्यक्ष विनय कुमार श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, वाराणसी के पूर्व मेयर व भदोही भाजपा जिला प्रभारी कौशलेंद्र सिंह पटेल आदि थे।

chat bot
आपका साथी