शिवालयों में उमड़ी आस्था, किया जलाभिषेक

सावन मास के पहले सोमवार को सकल संसार के स्वामी देवाधिदे

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 03:42 PM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 08:50 PM (IST)
शिवालयों में उमड़ी आस्था, किया जलाभिषेक
शिवालयों में उमड़ी आस्था, किया जलाभिषेक

जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : सावन मास के पहले सोमवार को सकल संसार के स्वामी देवाधिदेव महादेव भगवान शंकर के दरबार में आस्था का समुद्र उमड़ पड़ा। शिवालयों में भक्तों का रेला लगा रहा। दिन-भर बाबा का दुग्धाभिषेक, जलाभिषेक और विधि-विधान से पूजन-अर्चन चलता रहा। जहां एक ओर लंबी कतार में खड़े श्रद्धालु भूतनाथ की एक झलक पाने को बेताब रहे। शिव मंदिरों में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। प्रचंड गर्मी और उमस से शिव भक्त बेहाल रहे।

देवाधिदेव महादेव के अतिप्रिय मास श्रावण के पहले सोमवार को भोर से ही जनपद के विभिन्न शिवालयों में शिवभक्तों की लंबी कतार लगी रही। हर-हर महादेव, बोल बम आदि के जयकारों से क्या नगर क्या गांव, सारे इलाके गुंजायमान रहे। स्थानीय हरिहरनाथ मंदिर, दूधनाथ मंदिर पर बाबा के दर्शन-पूजन करने के लिए भोर से ही लंबी कतार लगी रही। भीड़ दोपहर में तो कुछ हल्की रही लेकिन शाम ढलते ही श्रद्धालु उमड़ पड़े। भूतनाथ को अर्पित करने के लिए बिल्व पत्र, पुष्प, भांग, धतूर का फल आदि थाल में सजा कर महिलाएं शिवधाम पहुंचती रहीं। इसके अलावा अन्य शिव मंदिरों में भी भक्तों की भारी भीड़ लगी रही। इस दौरान अव्यवस्था का आलम यह कि कुछ मंदिरों में साफ-सफाई की व्यवस्था ध्वस्त रही। सुरक्षा के मद्देनजर शिव मंदिरों पर कड़ी चौकसी रही। इसी तरह औराई, महराजगंज, बाबूसराय के सारीपुर, गिर्दबड़गांव और खमरिया के भुजवा शिवाला, दलपतेश्वर, राधाकृष्ण आदि स्थानों पर स्थित शिवालयों में भक्तों की लंबी कतार लगी रही। पुलिस प्रशासन की टीम लगातार अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित शिव मंदिरों पर भ्रमण कर जायजा लेती रही।

गोपीगंज प्रतिनिधि के अनुसार: गोपीगंज नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित शिवालयों में पावन पवित्र सावन माह के प्रथम सोमवार को देवाधिदेव महादेव के दर्शन पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। बाबा बड़े शिव धाम में हर-हर, बम-बम के जयघोष से परिसर गुंजायमान रहे। गोपेश्वर नाथ, सिद्धेश्वर नाथ, बाबा कबूतर नाथ, जोगीवीर महादेव मंदिर, मनकामेश्वर नाथ के अलावा तिलेश्वरनाथ,पांडवानाथ आदि शिवालयों में शिव भक्तों की लंबी कतार लगी रही।

ऊंज प्रतिनिधि के अनुसार: मोक्षदायिनी के तट पर विराजमान बाबा सेमराधनाथ धाम में दर्शन पूजन करने के लिए सुबह से ही भक्तों की लंबी कतार लगी रही। व्रती महिलाएं गंगा स्नान कर बाबा को जलाभिषेक कर रही थीं। बड़ी संख्या में कांवरियों ने भी बाबा का जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर के आस-पास बड़ी संख्या में दुकानें भी सजी थीं। बाबा का दर्शन करने के उपरांत महिलाओं ने जमकर खरीदारी की। सुरक्षा मद्देनजर पुलिस की कड़ी चौकसी रही। थाना अध्यक्ष खुर्शीद अहमद मंदिर समिति के अध्यक्ष रामबली सिंह दर्शन पूजन में सहयोग करते नजर आए।

chat bot
आपका साथी