विधायक के भाई-भतीजों सहित 11 पदाधिकारी भाजपा से निष्कासित

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की चल रही प्रक्रिया के बीच रविवार

By JagranEdited By: Publish:Sun, 11 Apr 2021 09:45 PM (IST) Updated:Sun, 11 Apr 2021 09:45 PM (IST)
विधायक के भाई-भतीजों सहित 11 पदाधिकारी भाजपा से निष्कासित
विधायक के भाई-भतीजों सहित 11 पदाधिकारी भाजपा से निष्कासित

जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की चल रही प्रक्रिया के बीच रविवार को भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में माहौल काफी गरम रहा। जिला पंचायत की सीटों पर अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ ताल ठोंक रहे भदोही के भाजपा विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी के भाई, दो भतीजों सहित कुल 11 पदाधिकारी व सक्रिय कार्यकर्ताओं को छह वर्ष के लिए निष्कासित करते हुए बाहर का रास्ता दिखा दिया। शनिवार की देर शाम आए प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के निर्देश पर रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष विनय श्रीवास्तव ने यह बड़ी कार्रवाई की। साथ ही संकेत दे दिया है कि यदि अधिकृत प्रत्याशी के विरोध में अपने भाई-भतीजों के प्रचार में विधायक भी सक्रिय मिले तो उन्हें भी शोकॉज नोटिस जारी की जाएगी।

जिला पंचायत सदस्य पदों पर चुनाव लड़ने के लिए कई-कई लोगों ने आवेदन किए थे। अंतत: संगठन की ओर से लिए गए निर्णय के बाद सभी 26 सीटों पर अधिकृत प्रत्याशियों के नाम जारी कर दिए गए। सूची में विधायक के भाई-भतीजों का नाम गायब था। इसके बाद भी वार्ड संख्या सात व आठ से विधायक के भतीजे क्रमश: सचिन त्रिपाठी व चंद्रभूषण उर्फ पप्पू तिवारी तथा वार्ड संख्या नौ से उनके भाई अनिरुद्ध त्रिपाठी नामांकन कर चुनाव मैदान में उतर गए। इसी तरह वार्ड संख्या चार से अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव में उतरे विपिन दुबे, 10 से पप्पू सोनकर, 11 से कृष्णा सिंह, 15 से राजेंद्र पाल बघेल, 20 से विभूति तिवारी, 22 से राजन यादव व वार्ड संख्या 25 से उतरे विकास तिवारी व शरदचंद पांडेय को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के लिए निलंबित-निष्कासित करने की संस्तुति कर दी गई है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि वार्ड संख्या सात व नौ में विधायक अधिकृत प्रत्याशियों का समर्थन करते हैं तो वार्ड संख्या आठ से उनके भतीजे चंद्रभूषण का संगठन समर्थन करेगा। इस संबंध में विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी का कहना है कि वह पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के साथ हैं। इस मौके पर जिला पंचायत चुनाव संयोजक नागेंद्र सिंह भी थे।

chat bot
आपका साथी