रात में तेज आंधी से उड़े टीनशेड, गुल हो गई बिजली

गेहूं की मड़ाई कर चुके किसानों का आंधी के चलते उड़ा भूसा

By JagranEdited By: Publish:Fri, 07 May 2021 11:36 PM (IST) Updated:Fri, 07 May 2021 11:36 PM (IST)
रात में तेज आंधी से उड़े टीनशेड, गुल हो गई बिजली
रात में तेज आंधी से उड़े टीनशेड, गुल हो गई बिजली

जागरण संवाददाता, बस्ती : बीती रात मौसम ने एक बार फिर अपना मिजाज बदला। आधी रात के बाद अचानक आई धूल भरी आंधी से लोग परेशान हो गए। आंधी के चलते शहर से लेकर गांव तक अफरातफरी का माहौल हो गया। आंधी से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं जो किसान गेहूं की मड़ाई करने के बाद भूसा नहीं सजेह पाए थे, उनका भूसा उड़ गया।

आंधी के बाद शहर में लोग सतर्क हो गए। तो वही ग्रामीण क्षेत्रों में लोग खुद के साथ सबसे अधिक पशुओं की सुरक्षा को लेकर चितित रहे। आंधी आने के बाद छप्पर से पशुओं को निकाल कर सुरक्षित स्थान पर बांध दिया। 40 मिनट तक लोग परेशान रहे। कुछ स्थानों पर छप्पर, टिनशेड आदि गिर गया। पेड़ की टहनियां टूटकर सड़क पर गिर गई जिससे आवागमन भी प्रभावित हुआ। बिजली के तार टूटने से कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। शुक्रवार को दिनभर बिजली विभाग के कर्मी आपूर्ति बहाल करने के लिए कार्य करते रहे। जिले में किसी प्रकार के जनहानि की सूचना नहीं है। कृषि विज्ञान केंद्र बंजरिया के वैज्ञानिक डा. आरवी सिंह के अनुसार बारिश नहीं हुई है। आंधी के चलते कोई नुकसान नहीं हुआ है। मौसम अभी सामान्य रहेगा। शनिवार को भी बादल छाए रहेंगे। बारिश होने की उम्मीद नहीं है। जिला कृषि अधिकारी संजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि आंधी से कोई नुकसान नहीं है। रबी की फसलें कट चुकी हैं। वहीं उद्यान निरीक्षक धर्मेंद्र चंद्र चौधरी के अनुसार आंधी से सब्जी व बागवानी पर असर पड़ा है। आम फसल को नुकसान हुआ है। वहीं कुछ सब्जी जैसे टमाटर, बैगन आदि को थोड़ा नुकसान हुआ है। वहीं आंधी के चलते बिजली आपूर्ति व्यवस्था लड़खड़ा गई है। गांव में घंटों आपूर्ति बाधित रही। वहीं शहर में भी कई फीडर से जुड़े उपभोक्ता आपूर्ति को लेकर परेशान हुए। हालांकि बाद में आपूर्ति व्यवस्था धीरे-धीरे सामान्य हो गई।

chat bot
आपका साथी