ओवरलोड से जल रहे ट्रांसफार्मर, विभाग को लग रहा चूना

ठंड में भी शेड्यूल के अनुसार आपूर्ति देने में हांफ रहा विभाग

By JagranEdited By: Publish:Thu, 28 Jan 2021 12:00 AM (IST) Updated:Thu, 28 Jan 2021 12:00 AM (IST)
ओवरलोड से जल रहे ट्रांसफार्मर, विभाग को लग रहा चूना
ओवरलोड से जल रहे ट्रांसफार्मर, विभाग को लग रहा चूना

जागरण संवाददाता, बस्ती : बिजली विभाग में अजब-गजब खेल चल रहा है। ओवरलोड के चलते आए दिन ट्रांसफार्मर जल जा रहे हैं। अभियंता आंख मूंदे हुए हैं। जिससे विभाग को चूना लग रहा है। इन दिनों विद्युत वितरण खंड द्वितीय के उपखंड कार्यालय चतुर्थ के अधीन विद्युत आपूर्ति बदहाल हो गई है। इसके तहत उपकेंद्र दुबौला में बिजली की समस्याएं आम बात है। दिन में फीडरों पर ठीकठाक बिजली आपूर्ति होती है, लेकिन शाम होते ही आपूर्ति व्यवस्था लड़खड़ा जाती है। जिम्मेदारों की ढिलाई से उपभोक्ता परेशान होते हैं। मंगलवार को सुबह नौ बजे से दिन में तीन बजे तक चैनपुर-मंझरिया में लगे 25 केवीए विद्युत परिवर्तक से बिजली आपूर्ति संचालित थी। शाम को फिर बिजली आई। कुछ देर बाद आधे गांव की आपूर्ति ठप हो गई। पता चला कि ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई है। ग्रामीणों ने बताया कि यह खराबी दिन में ही पता चल गया था लेकिन जिम्मेदार उसे ठीक करने की जहमत नहीं उठाए। आधे घंटे बाद आपूर्ति पूरे गांव की ठप कर दी गई। पूरी रात बिना बिजली के लोग रहे। बुधवार को दिन में ट्रांसफार्मर बदला गया। इसके बाद आपूर्ति ढाई बजे बहाल हो सकी। तीन बजे फिर बिजली कट गई। उपभोक्ताओं ने बताया कि छह बार से अधिक ट्रांसफार्मर ओवरलोड के चलते जल चुका है, लेकिन क्षमता वृद्धि नहीं कराई जा रही है। इससे विभाग को हर दिन झटका लग रहा है। मुख्य अभियंता विद्युत वितरण आलोक रंजन सिंह ने बताया कि ओवरलोडिग के बारे में जानकारी हुई है। क्षमता वृद्धि न होने की जांच कराई जाएगी। उपभोक्ताओं का आकलन कर वहां क्षमता वृद्धि का कार्य कराया जाएगा।

chat bot
आपका साथी