चरागाह तो कहीं तालाब में तब्दील हुआ खेल मैदान

फोटो..6 7 - वर्ष 2019-20 में 27 खेल मैदानों का कराया गया था निर्माण संजय विश्वकर्मा बस्ती द

By JagranEdited By: Publish:Thu, 16 Sep 2021 11:55 PM (IST) Updated:Thu, 16 Sep 2021 11:55 PM (IST)
चरागाह तो कहीं तालाब में तब्दील हुआ खेल मैदान
चरागाह तो कहीं तालाब में तब्दील हुआ खेल मैदान

फोटो..6, 7

- वर्ष 2019-20 में 27 खेल मैदानों का कराया गया था निर्माण

संजय विश्वकर्मा, बस्ती: दो वर्ष पहले जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विकसित किए गए खेल मैदान इन दिनों बदहाली के शिकार हैं। किसी में झाड़ियां उग आईं हैं तो किसी में पानी भरा हुआ है। देखरेख के अभाव में खेल मैदान कहीं चरागाह तो कहीं तालाब की शक्ल अख्तियार कर चुके हैं।

वर्ष 2019-20 में मनरेगा से जिले के सभी 14 विकास खंडों में 28 खेल मैदान बनाए जाने का लक्ष्य था। इसके सापेक्ष 27 खेल मैदान ही तैयार किए जा सके। सदर विकास खंड में एक स्थान पर ही खेल मैदान का निर्माण कराया जा सका। एक खेल मैदान पर आठ से नौ लाख रुपये के बीच खर्च आया। खेल मैदान में चारो तरफ पिलर के सहारे तार का बाड़ लगाया गया। गेट, झूला, बेंच, इंटर लाकिग मार्ग का भी निर्माण खेल मैदान में कराया गया था। देखरेख के अभाव में खेल मैदान बदहाल होते गए। कुदरहा विकास खंड में पियारेपुर ग्राम पंचायत के सहारनपुर गांव स्थित खेल मैदान चरागाह में तब्दील हो गया है। यहां खिलाड़ी भले न पहुंचे मगर चरवाहे अपने जानवरों को लेकर जरूर पहुंच रहे हैं। इसी विकास खंड के पाऊं ग्राम पंचायत में स्थित खेल मैदान की स्थिति तो और भी बदतर है। मैदान में बारिश का पानी भरा है, तालाब की शक्ल ले चुके इस खेल मैदान में लोग मछली पकड़ते नजर आ रहे हैं। वहीं बहादुरपुर विकास खंड के के खम्हरिया गांव में बने खेल मैदान में घासें उग आई हैं। पूरे मैदान में बड़ी बड़ी घासें व झाड़ियां ही नजर आ रहीं है। यह तो महज बानगी है, यही हाल अधिकांश खेल मैदानों का है।

............

इन स्थानों पर विकसित किए गए थे खेल मैदान

परशुरामपुर के नागपुर कुंवर व लालपुर मिश्रौलिया दुर्वासा, कुदरहा के पाऊं व पियारेपुर, रामनगर के मझौवा प्रसाद व जोगिया भानपुर, सल्टौआ गोपालपुर के नेवादा व मझौआ खजुरी, साऊंघाट के रानीपुर व पिपरा चंद्रपति, कप्तानगंज के बिहरा और फरेंदा सेंगर, विक्रमजोत के बस्थनवा व रिक्खीपुर, , हर्रैया के भैरोपुर व हरिवंशपुर, बहादुरपुर के अगौना व कम्हरिया, रुधौली के देउरा अठदेऊरा, गौर के बघौड़ा व पतिला, दुबौलिया के सिरसिया व बरदिया लोहार, बनकटी के खोरिया व डीहीखास व बस्ती सदर विकास खंड के भूपालपुर ग्राम पंचायत में खेल मैदान विकसित किए गए थे।

.........

मनरेगा से तैयार किए गए खैल मैदानों का स्थलीय सत्यापन कराकर उनकी स्थिति का पता लगाया जाएगा। जहां भी खेल मैदान उपेक्षित या बदहाल मिलेंगे उन्हें दुरुस्त कराया जाएगा। जिम्मेदारों की जवाबदेही भी तय कर कार्रवाई की जाएगी।

डा. राजेश कुमार प्रजापति, मुख्य विकास अधिकारी

chat bot
आपका साथी