किशोरी को सुसाइड के लिए उकसाने वाला गिरफ्तार

12 जनवरी को कुआनो नदी में कूदकर दी थी जान

By JagranEdited By: Publish:Sat, 08 May 2021 11:05 PM (IST) Updated:Sat, 08 May 2021 11:05 PM (IST)
किशोरी को सुसाइड के लिए उकसाने वाला गिरफ्तार
किशोरी को सुसाइड के लिए उकसाने वाला गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, बस्ती : कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में महिला थाना पुलिस ने मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया है। वहीं मामले में सह अभियुक्त को पकड़ने के लिए टीम गठित की गई है।

12 जनवरी को कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी कुआनो नदी के नए अमहट पुल पर पहुंची। एक युवक से बातचीत के बाद उसने अचानक पुल से नदी में छलांग लगा दी। जब तक आसपास मौजूद लोग कुछ कर पाते तब तक वह नदी के लहरों में समा चुकी थी। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश की मगर वह नहीं मिली। बाद में एनडीआरएफ की टीम ने 17 जनवरी को शव नदी से बरामद किया।

महिला थाने की एसओ भाग्यवती पांडेय ने बताया कि मृतका की मां के तहरीर पर आरोपित गोपी निवासी बेलगड़ी और उसके सहयोगी आदित्य के विरुद्ध आत्म हत्या के लिए उकसाने, साजिश रचने और पाक्सो एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया था। बताया कि शनिवार की सुबह सूचना मिली कि आरोपित गोपी अपने घर मौजूद हैं। ऐसे में उन्होंने हेड कां. हरेंद्र, कां.अशोक सिंह, महिला कां. दीपशिखा, संध्या मौर्या के साथ पहुंचकर दिन में 11 बजे आरोपित को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। बताया कि सह अभियुक्त आदित्य की तलाश की जा रही है। ओड़वारा में मिला विक्षिप्त युवक का शव

जासं,पुरानी बस्ती : शनिवार को मुंडेरवा थाना क्षेत्र के ओड़वारा कस्बे में एक अज्ञात शव बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आस पास के लोगों से पूछताछ की।

एसआइ रवींद्र सिंह ने बताया कि मृतक विक्षिप्त था। उसे स्थानीय लोगों द्वारा अक्सर सड़क पर घूमते फिरते देखा गया था। उसकी उम्र लगभग 30 वर्ष थी। शव का पंचायत नामा भरकर 72 घंटे के लिए मर्चरी में रखा गया है।

chat bot
आपका साथी