कदम-कदम पर दुश्वारियां,संक्रामक बीमारियों का खतरा

कहीं रात में भी अंधेरा तो कहीं दिन में जलती है स्ट्रीट लाइट नालियों के टूटे ढक्कन हादसे की बन रहे वजह

By JagranEdited By: Publish:Mon, 29 Nov 2021 11:01 PM (IST) Updated:Mon, 29 Nov 2021 11:01 PM (IST)
कदम-कदम पर दुश्वारियां,संक्रामक बीमारियों का खतरा
कदम-कदम पर दुश्वारियां,संक्रामक बीमारियों का खतरा

जागरण संवाददाता, हर्रैया, बस्ती : कदम-कदम पर दुश्वारियां हैं। जगह-जगह गंदगी फैली हुई। जाम से नालियां बजबजा रही हैं। कूड़े के ढेर से उठती दुर्गंध लोगों को परेशान कर रही है। नालियों के ढक्कन टूट गए हैं,जो हादसे की वजह बन रहे हैं। यह हाल है हर्रैया नगर पंचायत के वार्ड नंबर सात गांधी नगर का।

वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। नियमित सफाई न होने से वार्ड की सड़कों और गलियां स्वच्छता मिशन को चिढ़ा रहे हैं। गंदगी के चलते लोगों में संक्रामक बीमारियों के फैलने का भय बना रहता है। वार्ड में रखे डस्टबिन टूट गए हैं या तो गायब हो गए है। कुछ पात्र अभी भी आवास योजना से वंचित है। नालियों की सफाई न होने से घरों से निकलने वाला दूषित जल सड़क पर फैला है। वार्ड में लगे हैंडपंप दूषित जल उगल रहे हैं। जिम्मेदार इन सारी समस्याओं से बेखबर हैं। अनूज श्रीवास्तव व शिव प्रसाद के घर के पास सड़क के बीच में बनी नाली का ढक्कन टूट गया है। जिससे लोगों को आने जाने में परेशानी हो रही है। रात में अक्सर लोग इसमें गिरकर चोटिल हो रहे है। कहीं स्ट्रीट लाइट दिन में भी जलती रहती हैं। कहीं महीनों से खराब हैं।

-

बोले नागरिक-

रवि ने बताया कि वार्ड में नियमित साफ-सफाई नहीं होती है। जिससे गंदगी पसरी रहती हैं। कौशलेंद्र कुमार ने बताया कि सफाई न होने से नालियां जाम हैं। जिससे घरों का पानी निकल नहीं पा रहा है। राममूरत ने बताया कि वार्ड में समस्याओं की भरमार है। जिम्मेदार समस्याओं का समाधान करने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। विमला देवी ने बताया कि वार्ड में रखे डस्टबिन टूट गए हैं,इनकी भी सुधि लेने वाला कोई नहीं है।

-

नालियों के टूटे ढक्कन जल्द ही सही करा दिए जाएंगे। इस बारे में प्रस्ताव भेजा जा चुका है। वार्ड में उपलब्ध संसाधन के अनुसार नियमित सफाई कराई जाती है।

मीरा सिंह, सभासद

-

समस्याएं संज्ञान में है। प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। धन मिलते ही नालियों के टूटे ढक्कन को ठीक करा दिया जाएगा। जहां तक बात रही गंदगी कि तो इसके लिए आसपास के लोग ही जिम्मेदार है। सुबह सफाई कर कर्मी जाते हैं उसके बाद फिर से सड़क पर कूड़ा फेंक दिया जाता है। जिससे अक्सर वार्डो में गंदगी देखने को मिलती है।

राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष

---

वार्ड की कुल आबादी-1900

महिला - 996

पुरुष - 904

chat bot
आपका साथी