बैड़ा समय माता मंदिर से छह दान पात्र चोरी

मंदिर के पीछे फेंके मिले चार टूटे दानपात्र

By JagranEdited By: Publish:Mon, 03 Aug 2020 09:18 PM (IST) Updated:Mon, 03 Aug 2020 09:18 PM (IST)
बैड़ा समय माता मंदिर से छह दान पात्र चोरी
बैड़ा समय माता मंदिर से छह दान पात्र चोरी

बस्ती: भानपुर, बस्ती: सोनहा थाना क्षेत्र बैड़ा समय माता मंदिर से रविवार की रात शटर का ताला तोड़कर चोर आधा दर्जन दान पात्र उठा ले गए। टूटे हुए चार दान पात्र मंदिर के पीछे मिले जबकि दो का पता नहीं चल सका। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।

बैड़ा समय माता मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष बलवंत सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि सोमवार की सुबह उन्हें घटना की जानकारी दी गई। चोर समय माता मंदिर, बजरंगबली मंदिर व दुर्गा मंदिर के शटर का ताला तोड़कर रात में किसी समय मंदिर के अंदर पहुंचे और छह दानपात्र चुरा ले गए। पुलिस की जांच में यह तथ्य सामने आया है कि मंदिर परिसर में लगा सीसी कैमरा चल तो रहा था, लेकिन हार्ड डिस्क न होने के कारण उसमें रिकार्डिंग नहीं हो रही थी। पुजारी शत्रुघ्न दुबे ने बताया कि लगभग दो सप्ताह से दान पात्र का ताला नहीं खोला गया था। पहले एक सप्ताह में दान पात्र खोला जाता था। औसतन 20 हजार रुपये निकलते थे। अनुमानत: 35 से 40 हजार रुपये की चोरी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही विधायक संजय प्रताप जायसवाल भी मौके पर पहुंचे व पुलिस को जल्द से जल्द घटना का पर्दाफाश करने का निर्देश दिया। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मिश्र ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जल्द ही पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी