बहन की शादी के लिए कमाने गया था प्रेमनाथ

बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र के फूलपुर गांव का है निवासी

By JagranEdited By: Publish:Wed, 21 Nov 2018 10:57 PM (IST) Updated:Wed, 21 Nov 2018 10:57 PM (IST)
बहन की शादी के लिए कमाने गया था प्रेमनाथ
बहन की शादी के लिए कमाने गया था प्रेमनाथ

बस्ती: हरियाणा, गुजरात, पंजाब और दिल्ली में सात हत्या और मुंबई, गोवा, सिलीगुड़ी, चंडीगढ़, के साथ यूपी के कई शहरों में चोरी की तमाम वारदातों को अंजाम देने के आरोप में फरीदाबाद हरियाणा में पकड़े गए तीन अभियुक्तों में से एक बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र के फूलपुर गांव का निवासी प्रेमनाथ भी है। वह डेढ़ माह पहले छोटी बहन की शादी के लिए रुपये कमाने फरीदाबाद गया था। वहां गांव का ही एक युवक किसी ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करता था जिसने उसे वहां काम दिलाने के लिए बुलाया था। इससे पहले वह कभी वहां नहीं गया था।

अभियुक्त प्रेमनाथ के पिता रामभरत ने बताया कि वह कक्षा 8 तक ही पढ़ा है। उनके सात बेटे और बेटियां हैं। बेटों में प्रेमनाथ सबसे छोटा था। बड़ा बेटा बाबूलाल पान की दुकान करता है तो मझला योगेश सरिता बिहार दिल्ली में राजगीर मिस्त्री के रूप में काम करता है। उन्होंने अपनी चार बेटियों में से तीन की शादी कर दी है, सबसे छोटी की शादी होनी है। उसकी शादी की ¨चता उनसे अधिक प्रेमनाथ को थी। वह बहन की शादी के लिए रुपये कमाना चाह रहा था। ऐसे में उसने फरीदाबाद में रहने वाले गांव के ही एक युवक से संपर्क किया तो उसने उसे अपने ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम दिलाने के लिए वहां बुलाया। पिता ने पुलिस के आरोपों को नकारते हुए कहा कि उनका बेटा मेहनत मजदूरी करने वाला था। गरीबी के कारण ही वह बहन की शादी के लिए कमाने गया था, वहां वह किसी जगह गाड़ी से माल उतार रहा था, इसी दौरान पुलिस ने पकड़ लिया। उसके पकड़े जाने की जानकारी गांव के उसी युवक ने फोन से दी जिसने उसे वहां काम दिलाया था। कहा कि उन्हें नहीं लगता कि उनका बेटा आपराधिक वारदातों में लिप्त था, वह किसी साजिश का शिकार हुआ है। बस्ती में उसके ऊपर किसी प्रकार का कोई मुकदमा दर्ज नहीं है।

.........

सोमवार को गिरफ्तार हुआ था आरोपित प्रेमनाथ

फरीदाबाद क्राइम ब्रांच ने सोमवार की शाम को आरोपितों को चोरी के शक में गिरफ्तार किया था। सख्ती से पूछताछ के बाद पुलिस को कई हैरान करने वाली जानकारी मिली। पुलिस ने दावा किया था कि आरोपित देशभर में 50 से अधिक शहरों में हत्या सहित चोरी व लूट की सैकड़ों वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। कई बार जेल भी जा चुके हैं। इन शहरों में मुंबई, पणजी, सिलीगुड़ी, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कई शहर शामिल हैं। मुख्य आरोपित जगतार मूलरूप से इस्माइलपुर, कुरुक्षेत्र हरियाणा का है। वह फरीदाबाद में मुजेसर में रहता था। जगतार कई राज्यों की पुलिस द्वारा पकड़ा गया और कई बार जेल गया। मुख्य आरोपित के साथ गिरफ्तार हुए साथियों में प्रेमनाथ निवासी फूलपुर थाना कलवारी जनपद बस्ती उत्तर प्रदेश, गणेश तिवारी निवासी सीमर, जिला छपरा बिहार शामिल हैं।

.............

मीडिया के जरिये घटना की जानकारी हुई है, फरीदाबाद में पकड़े गए एक आरोपित के बस्ती का निवासी होने की बात सामने आई है, मगर अभी तक बस्ती पुलिस से फरीदाबाद पुलिस ने कोई संपर्क नहीं किया है, न ही उसके संबंध में कोई जानकारी मांगी गई है।

दिलीप कुमार, एसपी, बस्ती।

chat bot
आपका साथी