कबाड़ में तब्दील हो गया राही पर्यटक गृह

डेढ़ दशक पूर्व बड़ेवन पुलिस चौकी के निकट भवन बनवाया गया था।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 29 Sep 2020 06:11 AM (IST) Updated:Tue, 29 Sep 2020 06:11 AM (IST)
कबाड़ में तब्दील हो गया राही पर्यटक गृह
कबाड़ में तब्दील हो गया राही पर्यटक गृह

जागरण संवाददाता, बस्ती : एक तरफ जहां सरकार की ओर से जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण को लेकर 15 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है वहीं दूसरी तरफ बस्ती शहर से सटे बड़ेवन पुलिस चौकी के पास फोरलेन के किनारे बना राही पर्यटक गृह कबाड़ में तब्दील हो रहा है।

बस्ती में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए फोरलेन किनारे तकरीबन डेढ़ दशक पूर्व एक करोड़ रुपये की लागत से पर्यटकों के लिए राही पर्यटक गृह का निर्माण कराया गया था। निर्माण के बाद से यह भवन उपयोग में कभी नहीं आ पाया। बिना प्रयोग के ही दो मंजिल बना यह भवन देखरेख के अभाव में जर्जर हो गया है। दीवारों के प्लास्टर उखड़ गए हैं। फर्श टूट गए हैं। फाटक और खिड़कियों के दरवाजे और शीशे गायब हो चुके हैं। जीर्ण-शीर्ण हो चुके भवन के चारों ओर गंदगी का अंबार है। भवन के चारों ओर खुली छूटी जमीनों पर आसपास के लोगों ने अतिक्रमण भी कर लिया है। झाड़ियों के बीच घिरा यह भवन पर्यटकों को बस्ती से जोड़ने की योजना को मुंह चिढ़ा रहा है। आवास विकास कालोनी निवासी विष्णु शंकर वर्मा और राजन पांडेय ने कहा कि भवन बनाने के बाद इसका उपयोग न करना सरकारी धन की बर्बादी है। देखरेख के अभाव में भवन जर्जर होता गया। पर्यटन गृह के संबंध में क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी से जानकारी मांगी गई थी, मगर वह इसके बारे में कुछ बता नहीं पाए। भवन के निर्माण और कार्यदायी संस्था के संबंध में जानकारी की जा रही है। पूरी जानकारी मिलने के बाद इसके जीर्णोद्धार की योजना बनाई जाएगी। सरनीत कौर ब्रोका, मुख्य विकास अधिकारी, बस्ती

chat bot
आपका साथी