संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत

घर में रस्सी के फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव कोतवाली के भद्रेश्वरनाथ गांव की घटना हत्या की आशंका

By JagranEdited By: Publish:Fri, 15 Jan 2021 11:31 PM (IST) Updated:Fri, 15 Jan 2021 11:31 PM (IST)
संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत
संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत

जागरण संवाददाता, बस्ती : कोतवाली क्षेत्र के भद्रेश्वरनाथ गांव में शुक्रवार की सुबह एक विवाहिता का शव घर में रस्सी के फंदे से लटका मिला। कोतवाल रामपाल यादव व चौकी प्रभारी सोनूपार योगेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और स्वजनों से घटना के संबंध में पूछताछ की। वहीं मायके वालों ने विवाहिता की हत्या का आरोप लगाया है। छानबीन के दौरान पता चला कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर घटना से पहले नोकझोंक हुई थी।

भद्रेश्वरनाथ निवासी इंद्रजीत मुंबई में टाइल्स-मार्बल आदि का काम करता है। गांव में उसकी पत्नी 25 वर्षीय संगीता परिवार के साथ रहती थी। इनकी तीन संतान में पांच वर्षीय हरिकेश व तीन साल की बेटी आराध्या भानपुर स्थित अपने ननिहाल में रहते हैं। जबकि सबसे छोटा दो साल का ऋषिकेश मां के साथ भद्रेश्वरनाथ में रहता था। आठ जनवरी को मुंबई से कमाकर इंद्रजीत घर लौटा था। पति ने बताया कि उसके घूमने-फिरने व आदतों को लेकर पत्नी से विवाद होता था। गुरुवार की रात में भी दोनों के बीच नोकझोंक हुई थी।

रात में खाना खाने के बाद परिवार के सभी लोग सोने चले गए। सुबह करीब आठ बजे जब इंद्रजीत की नींद खुली तो छत की कुंडी से पत्नी संगीता को लटका देखा। घटना की जानकारी होने पर संगीता का भाई रमेश भी मौके पर पहुंच गया। उसका आरोप है कि पति की गलत आदतों को लेकर विवाद चल रहा था। इसे लेकर पहले भी पंचायत हो चुकी थी। आरोप लगाया कि उसके बहन की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। कोतवाल रामपाल यादव ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मायके पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है।

chat bot
आपका साथी