कटेश्वरपार्क के नए रूप में अवतरित होने का ब्रेसब्री से इंतजार
सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत हुई है 3.94 करोड़ की परियोजना।
जागरण संवाददाता, बस्ती : शहरवासियों को नए रूप में अवतरित हो रहे कटेश्वर पार्क के खुलने का बेसब्री से इंतजार है। पार्क में सौंदर्यीकरण का कार्य दो साल से चल रहा है लेकिन अब तक पूरा नहीं हो पाया है।
दो साल पहले कटेश्वर पार्क सजाने-संवारने के लिए 3.94 करोड़ की परियोजना स्वीकृति हुई थी। तय हुआ था कि एक साल में निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। वर्ष 2019 में इस पार्क को निर्माण के नाम पर बंद कर दिया गया। दो साल बीतने को है। अभी तक पार्क बनकर तैयार नहीं हो सका। 80 फीसद तक कार्य हो पाए हैं। सौंदर्यीकरण, हरियाली का कार्य अभी बाकी है। यह होनी थी व्यवस्था
पार्क में पथ-वे, हरियाली, प्रकाश की व्यवस्था के अलावा बच्चों के मनोरंजन के लिए भरपूर संसाधन उपलब्ध कराए जाने थे। इसमें बच्चों के लिए ट्रेन, वाटर पार्क, झूला आदि व्यवस्थित होना है। वाटर पार्क अभी मूर्तरूप नहीं ले सका है। निर्माण कंपनी ने बच्चों की ट्रेन मंगा ली है। अब देखना यह है कि कटेश्वर पार्क कब तक नए रूप में लोगों को दिखता है। डीएम ने दी थी हिदायत
जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन दो बार निर्माण कंपनी को पार्क का निर्माण पूर्ण करने की हिदायत भी दे चुके हैं। जनवरी 20 में उन्होंने निरीक्षण के दौरान दस दिन के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण करने को कहा था। लेकिन यह बेमतलब साबित हुआ। कटेश्वर पार्क का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण होने के कगार पर है। बहुत जल्द नए साज-सज्जा के साथ यह खुलेगा। इसके लिए ठीकेदार को नोटिस दी जा चुकी है।
अखिलेश कुमार, ईओ, नगर पालिका।