मुंडेरवा में किसान महापंचायत आज, तैयारी पूरी

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर किया गया रूट डायवर्जन

By JagranEdited By: Publish:Wed, 24 Feb 2021 11:46 PM (IST) Updated:Wed, 24 Feb 2021 11:46 PM (IST)
मुंडेरवा में किसान महापंचायत आज, तैयारी पूरी
मुंडेरवा में किसान महापंचायत आज, तैयारी पूरी

जागरण संवाददाता मुंडेरवा, बस्ती : गुरुवार को मुंडेरवा में नए कृषि कानूनों के विरोध में आयोजित किसान महापंचायत की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महापंचायत में बस्ती मंडल के सभी जिलों से बड़ी संख्या में किसान व किसान संगठनों के पदाधिकारियों के शामिल होने की बात कही गई है। किसान महापंचायत को देखते हुये पुलिस प्रशासन ने बस्ती कांटे मार्ग के गोदमवा मोड़ व कांटे चौराहे से रूट को डायवर्ट कर दिया है।

मुंडेरवा के जगदीशपुर पेट्रोल पंप के पास भाकियू द्वारा किसान महापंचायत का आयोजन किया गया है। इसमें भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत, उपाध्यक्ष बलराम सिंह लंबरदार, राष्ट्रीय सचिव घनश्याम वर्मा के अलावा पूरे प्रदेश से भाकियू नेताओं के साथ बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने की उम्मीद है। पंचायत में आने वाले किसानों के मनोरंजन के लिये सुबह दस बजे से लोक गायकों द्वारा लोकगीत भी प्रस्तुत किया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष मुंडेरवा पहुचने के बाद सबसे पहले किसान आंदोलन में शहीद किसान बद्री प्रसाद चौधरी, तिलकराज चौधरी व धर्मराज उर्फ जुगानी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वह दिन में 12 बजे किसान महापंचायत में शामिल होंगे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती के साथ इधर से आने वाले सभी वाहन का रूट डायवर्ट कर दिया गया है।

किसानों के लिए नासूर बनेंगे तीनों कृषि कानून

जागरण संवाददाता पैकोलिया, बभनान, बस्ती : हर्रैया हसीनाबाद बाजार में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने किसान चौपाल लगाकर मौजूदा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की नीतियों का विरोध किया। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा तीनों नये कृषि कानून किसानों के लिए किसी नासूर से कम नहीं होंगे। ऐसे में इसे तत्काल वापस लिया जाए।

किसान विरोधी नीतियों के बारे में लोगों को जागरूक किया गया। जिलाध्यक्ष अंकुर वर्मा ने कहा कि पिछले ढाई माह से दिल्ली के बार्डर पर किसान शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं लेकिन यह सरकार पूंजीपतियों के हितों के लिए किसानों को बर्बाद कर रही है। मंहगाई चरम पर है। पूर्व विधायक अंबिका सिंह ने कहा कि प्रतिदिन डीजल व पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि की जा रही है। सरकारी संस्थाओं को बेचा जा रहा है। शिवप्रसाद पांडेय, रामजतन वर्मा, दिलीप वर्मा, राधेश्याम शर्मा, राजेंद्र वर्मा, रामलैश वर्मा, मो. सलाम, पीरमोहम्मद, दयाशंकर पांडेय, चंद्रप्रकाश सिंह, प्रदीप शर्मा आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी