गांव की सरकार बनाने के सभी दांव पर जोर आजमाइश

सल्टौआ ब्लाक में चुने जाएंगे 95 ग्राम प्रधान चार जिला पंचायत 91 क्षेत्र पंचायत तो 1113 ग्राम पंचायत सदस्यों का होगा चुनाव

By JagranEdited By: Publish:Fri, 16 Apr 2021 12:01 AM (IST) Updated:Fri, 16 Apr 2021 12:01 AM (IST)
गांव की सरकार बनाने के सभी दांव पर जोर आजमाइश
गांव की सरकार बनाने के सभी दांव पर जोर आजमाइश

जागरण संवाददाता सल्टौआ, बस्ती: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का बिगुल बज चुका है। अंतिम चरण में 29 अप्रैल को जिले में मतदान होना है। विकास क्षेत्र के 95 ग्राम पंचायतों व 91 क्षेत्र पंचायत सदस्य के साथ 1113 ग्राम पंचायत सदस्यों एवं चार जिला पंचायत सदस्य पद के लिए 181802 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। कुल 252 मतदान केंद्रों के 102 बूथों मतदान कराया जाएगा। गांव की सरकार बनाने के सभी दांव पर दावेदार जोर आजमाइश कर रहे हैं।

वैसे तो पूर्व में सल्टौआ गोपालपुर विकास क्षेत्र में 99 ग्राम पंचायतें थी, पंरतु दो पूर्ण व दो आंशिक ग्राम पंचायत नगर पंचायत में शामिल हो जाने से अब 95 ग्राम पंचायतों में ही चुनाव कराया जाना है। चुनाव की तारीख करीब आता देख दावेदारों की भागदौड़ तेज हो गई है। गांव में चुनावी पारा बढ़ने लगा है। प्रत्याशियों के साथ समर्थकों की प्रतिष्ठा भी दांव पर है। पांच साल तक चुप रहने वाला मतदाता बोलने लगा है। उसे समझाने में दावेदारों और उनके समर्थक लगे हुए है। देररात तक एक-एक से मिलकर रुठे मतदाताओं को मनाने साथ ही, इज्जत बचाने की विनती की जा रही है। वोट सहेजने के लिए मतदाताओं के रिश्तेदार तक से संपर्क साधा जा रहा है। इतना ही नहीं एक दावेदार दूसरे दावेदार की मुखबिरी भी करा रहा है। उनकी हर गतिविधि पर नजर रख रहा है। गांव के पुराने रणनीतिकारों की इन दिनों चांदी हैं। दावेदार वोटों की गणित अपने पक्ष में करने के लिए उनकी मदद ले रहे हैं। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के सभी पदों पर एकसाथ चुनाव होने से मतदाताओं में प्रधान पद सबसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शेष अन्य पदों के लिए सभी दावेदारों को मतदाता उनके साथ होने का भरोसा देकर टरका रहे हैं।

chat bot
आपका साथी