सरयू फिर उफनाई,तटवर्ती लोगों में दहशत

खतरे के निशान से सात सेमी ऊपर बह रही नदी

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 06:49 AM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 06:49 AM (IST)
सरयू फिर उफनाई,तटवर्ती लोगों में दहशत
सरयू फिर उफनाई,तटवर्ती लोगों में दहशत

जागरण संवाददाता,दुबौलिया,बस्ती: पहाड़ी नदियों का पानी छोड़े जाने के चलते अचानक सरयू नदी उफना गई। नदी का जलस्तर पिछले दो दिनों से लगातार बढ़ रहा है। नदी और तटबंध किनारे बसे लोग बाढ़ के खतरे से सहमे हैं। जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने बताया कि नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। तटबंध की निगरानी को टीमें लगाई गई हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

केंद्रीय जल आयोग के अनुसार सरयू नदी गुरुवार को दिन में तीन बजे खतरे के निशान 92.73 मीटर से सात सेंटीमीटर ऊपर 92.80 मीटर पर प्रवाहित होने लगी है। पिछले 24 घंटे में नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हुई है। भुवरिया, श्रीराम पुरवा, आंशिक टेड़वा, सुबिखा बाबू, खजांचीपुर, बिसुनदासपुर की अनुसूचित बस्ती सहित अन्य मजरों की तरफ पानी तेजी से बढ़ने लगा है। कटरिया-चांदपुर, चांदपुर-गौरा, गौरा-सैफाबाद तटबंध पर भी पानी का दबाव बढ़ता जा रहा है। टकटकवा रिगबांध व किशुनपुर मोजपुर रिगबांध पर भी दबाव बढ़ने लगा है।

अभियंता संजय यादव ने बताया कि तटबंधों पर अलग-अलग जगहों पर निगरानी के लिए टीमें बनाई गई है। बाढ़ चौकियां सक्रिय कर दी गई है। राजस्वकर्मी अजय कुमार, कपिलदेव शुक्ल, सूर्य दत्त, दीनदयाल लगातार तटबंध पर मौजूद रहे। राजस्वकर्मियों ने बताया हर घंटे तहसील प्रशासन को बाढ़ की स्थिति का रिपोर्ट भेजी जा रही है।

--

मंडराने लगा बाढ़ का खतरा

जासं,विक्रमजोत,बस्ती: सरयू नदी का जलस्तर दो दिनों से लगातार बढ़ रहा है। जिससे विक्रमजोत ब्लाक के तटबंध विहीन गांवों पर बाढ़ व कटान का खतरा फिर से मंडराने लगा है। प्रशासन ने बाढ़ खंड को क्षेत्र के संदलपुर, कल्यानपुर, भरथापुर सहित गांव में विशेष निगरानी करने व संदलपुर में हो रही कटान को रोकने के लिए बचाव राहत कार्य शुरू करने का निर्देश दिया। नायब तहसीलदार हर्रैया निखिलेश कुमार ने बताया कि बुधवार को गांवों का दौरा किया गया था। बाढ़ आपदा से निपटने के लिए निकटवर्ती स्कूलों को चिन्हित किया गया है। राजस्व टीमों व बाढ़ खण्ड के कर्मियों को अलर्ट किया गया है। ग्रामीणों को सावधानी बरतने की हिदायत दी गयी है।

chat bot
आपका साथी