गोष्ठी में मत्स्य पालकों को दी गई योजनाओं की जानकारी

विकास भवन सभागार में आयोजित हुई मत्स्य कृषक जागरूकता गोष्ठी

By JagranEdited By: Publish:Mon, 22 Nov 2021 12:04 AM (IST) Updated:Mon, 22 Nov 2021 12:04 AM (IST)
गोष्ठी में मत्स्य पालकों को दी गई योजनाओं की जानकारी
गोष्ठी में मत्स्य पालकों को दी गई योजनाओं की जानकारी

जासं,बस्ती : विश्व मत्स्य दिवस के अवसर पर रविवार को मत्स्य कृषक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन विकास भवन सभागार में किया गया। मत्स्य पालकों को योजनाओं की जानकारी दी गई। किसान क्रेडिट कार्ड का वितरण भी हुआ। इसके पूर्व गोष्ठी का उद्घाटन सदर विधायक दयाराम चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मत्स्य पालकों की आय बढ़ाने के लिए अनुदान आधारित विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि खाद्यान्न के अलावा दूध, सब्जी, फल, फूल के साथ-साथ मछली पालन एक प्रमुख उद्योग बन गया है। इसको बढ़ावा देने के लिए मत्स्य पालकों को किसान सम्मान निधि के अन्तर्गत प्रतिवर्ष छह हजार रुपये दिए जाते हैं। किसान क्रेडिट कार्ड बनवाया जाता है ताकि समय पर वे कम ब्याज पर ऋण लेकर मत्स्य पालन का कार्य कर सकें। मत्स्य पालकों के लाभ के लिए प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना लागू की गई है, जिसके अन्तर्गत मछली सुरक्षित रखने के लिए कोल्ड स्टोरेज बनवाया जाता है। मछुआरा आवास योजना के अन्तर्गत उन्हें पक्के मकान उपलब्ध कराए जाते है। मछुआरों को पांच लाख रुपये का जीवन बीमा भी उपलब्ध कराया जाता है। विद्यावती, धनुषधारी तथा अनीता को किसान क्रेडिट कार्ड का स्वीकृति पत्र प्रदान किया।

विधायक ने सभी मत्स्य पालकों को आश्वस्त किया कि सरकार द्वारा मत्स्य पालन को कृषि का दर्जा दिए जाने पर विभागों द्वारा इसे कृषि संबंधी सुविधाएं दिलाने का प्रयास करेंगे। मत्स्य पालकों ने कहा कि कृषि का दर्जा दिए जाने के वाबजूद कुछ विभाग उन्हें व्यावसायिक खेती के श्रेणी में रखकर सुविधाओं से वंचित रखते हैं। बैंक द्वारा केसीसी दिया जाता है लेकिन बिजली विभाग द्वारा नलकूप संचालन के लिए व्यावसायिक दर पर कनेक्शन दिया जाता है। विधायक ने समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया। उप निदेशक जीसी यादव ने बताया कि सरकार द्वारा मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए अलग मंत्रालय गठित किया गया है तथा इसे कृषि का दर्जा दिया गया है। ताजे पानी के तालाब में मछली उत्पादन में प्रदेश देश में स्थान पर प्रथम है। जिला कृषि अधिकारी मनीष सिंह, संदीप वर्मा, उद्यान निरीक्षक विनोद, राजकुमार शुक्ला मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी