एपीएन छात्रसंघ के आदित्य विक्रम अध्यक्ष व मो. हारिस बने महामंत्री

सुबह नौ बजे से 1.30 बजे तक हुआ मतदान मतगणना के बाद जारी हुआ परिणाम

By JagranEdited By: Publish:Tue, 07 Dec 2021 11:08 PM (IST) Updated:Tue, 07 Dec 2021 11:08 PM (IST)
एपीएन छात्रसंघ के आदित्य विक्रम अध्यक्ष व मो. हारिस बने महामंत्री
एपीएन छात्रसंघ के आदित्य विक्रम अध्यक्ष व मो. हारिस बने महामंत्री

जागरण संवाददाता, बस्ती : मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अंबिका प्रताप नारायन पोस्ट ग्रेजुएट कालेज (एपीएन) के छात्रसंघ का चुनाव कराया गया। सुबह नौ बजे से 1.30 बजे तक मतदान हुआ। 1924 में से कुल 1284 वोटरों ने मतदान कर प्रयोग कर छात्रसंघ के पदाधिकारियों का चुनाव किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के आदित्य विक्रम सिंह अध्यक्ष और शिवा सिंह विधि संकाय प्रतिनिधि निर्वाचित घोषित किए गए हैं। महामंत्री के पद पर मो. हारिस ने जीत का परचम लहराया।

मुख्य चुनाव अधिकारी डा. राजेंद्र बौद्ध ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण और शुचिता के साथ संपन्न हुआ। विधि की छात्र-छात्राएं कक्ष संख्या चार, बीकाम के कक्ष संख्या छह, बीए तृतीय कक्ष संख्या नौ, बीए द्वितीय कक्ष संख्या 14 और बीए प्रथम वर्ष के छात्रों ने स्टाफ रूम में मत का प्रयोग किए। लाइन से वोटिग हुई। चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री, पुस्तकालय मंत्री, कला संकाय प्रतिनिधि, वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि, विधि संकाय प्रतिनिधि के पदों पर वोट डाले गए।

प्राचार्य डा. एपी सिंह ने बताया कि चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग रहा। मतदान के बाद दो बजे से मतगणना शुरू हुई और शाम तक चुनाव परिणाम घोषित कर दिया गया। जीते हुए प्रत्याशियों का शपथ ग्रहण मतगणना हाल में ही कराया गया है। चुनाव में अध्यक्ष पद पर नौ उम्मीदवार मैदान में रहे। आदित्य विक्रम सिंह 376 मत प्राप्त कर अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए। शिवम श्रीवास्तव 202 वोट पाकर रनर रहे। उपाध्यक्ष पद पर तीन प्रत्याशी चुनाव लड़े, इसमें अखिलेश यादव 587 वोट पाकर जीते। देवेंद्र कुमार 449 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहे। महामंत्री पद पर तीन उम्मीदवार मैदान में थे, जिसमें मो. हारिस ने 477 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। शिवम त्रिपाठी 464 वोट पाकर रनर रहे। पुस्तकालय मंत्री पद पर पांच उम्मीदवार मैदान में उतरे थे, जिसमें निखिल भास्कर 573 वोट पाकर जीते। कृष्णा चौधरी 525 वोट पाकर दूसरे नंबर पर रहे। कला संकाय प्रतिनिधि के लिए चार उम्मीदवार लड़े। इसमें वसुधा चौधरी 391 वोट प्राप्त कर जीते। राज कुमार को 309 वोट मिले। वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पद पर चार उम्मीदवार मैदान में थे, जिसमें देवांश पांडेय 71 वोट प्राप्त कर जीते। देवव्रत मिश्र 67 वोट प्राप्त किए। विधि संकाय प्रतिनिधि के पद पर पांच उम्मीदवार चुनाव लड़े। इसमें शिवा ने 73 वोट पाकर एक वोट से जीत हासिल की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी ज्ञानेंद्र चौधरी 72 वोट प्राप्त किए। सुबह से ही चुनाव को लेकर कालेज गेट पर गहमागहमी रही। चुनाव के बाद आए परिणाम से जीते उम्मीदवारों के समर्थक खुशी से उछल रहे थे। अबीर-गुलाब उड़ाकर खुशियां मनाई। कई उम्मीदवार हनुमानगढ़ी पहुंचकर दर्शन किए। जीत के बाद जुलूस निकालकर खुशियां मनाई।

---

चुनाव में इनका रहा महत्वपूर्ण सहयोग :

शांतिपूर्ण चुनाव कराने में सहायक चुनाव अधिकारी डा. बलराम चौधरी, डा. रोहित सिंह, डा. बृजेश कुमार दूबे, नियंता मंडल में डा. राजीव सिंह, डा. विष्णु जायसवाल, डा. सौम्या पाल, डा. विनोद कुमार सिंह, सूर्य प्रकाश सिंह विशाल, आनंद कुमार ने सहयोग किया। प्राचार्य डा. एपी सिंह ने बताया कि आठ व नौ दिसंबर को कालेज बंद रहेगा।

---

सुरक्षा व्यवस्था में इनका रहा योगदान:

चुनाव को सकुशल कराने में पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। सीओ सदर शक्ति सिंह, कोतवाल राधेश्याम राय, चौकी इंचार्ज कंपनीबाग गौरव सिंह सिंह, पुरानी थानाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव मय फोर्स जुटे रहे।

chat bot
आपका साथी