48 घंटे हुई बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

बस्ती जिले में लगातार 48 घंटे तक हुई बारिश से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शहर से लेकर

By JagranEdited By: Publish:Sat, 18 Sep 2021 12:12 AM (IST) Updated:Sat, 18 Sep 2021 12:12 AM (IST)
48 घंटे हुई बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
48 घंटे हुई बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

बस्ती : जिले में लगातार 48 घंटे तक हुई बारिश से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शहर से लेकर गांव तक की नालियां ओवरफ्लो कर गई हैं। बारिश का पानी सड़क पर जमा होने के चलते लोगों को आने-जाने में काफी समस्याएं हुईं। कई जगहों पर आवागमन भी प्रभावित रहा। कोतवाली थाना,अग्निशमन कार्यालय, विद्युत वितरण खंड तृतीय कार्यालय परिसर तालाब में तब्दील हो गए हैं। शुक्रवार को पूरे दिन कार्य बाधित रहे। फरियादियों को यहां पहुंचने में काफी दिक्कत उठानी पड़ी।

बुधवार से हो रही बारिश शुक्रवार को भी होती रही। शहर की अधिकतर गलियां जलमग्न हो गई हैं। गांवों की भी स्थिति काफी बिगड़ गई है। कच्ची सड़कें कीचड़ से तब्दील हो गई हैं, जबकि पक्की सड़कें टूटने लगी हैं। निर्माणाधीन गनेशपुर-दुबौला मार्ग पर सफर करना जोखिम भरा हो गया है। लगातार हुई बारिश से नगर पालिका की जलनिकासी व्यवस्था उजागर हो गई है। घरों व कार्यालयों से पानी निकालने के लिए पंपिगसेट व मोटर लगाने पड़े।

शहर के बभनगांवा, मुरलीजोत, दक्षिण दरवाजा, पांडेय बाजार, आवास विकास, रमेश्वरपुरी, बेलवाडाड़ी, गांवगोड़िया, ओरीजोत, शिवाकालोनी, कटरा बाइपास, बड़ेवन ओवरब्रिज के पास जलभराव होने से राहगीरों को समस्या हुई। बारिश होने के चलते दोपहर तक अधिकतर लोग घरों में दुबके रहे। शुक्रवार को दिन में साढ़े तीन बजे हल्की धूप निकली, लेकिन आसमान में बादल छाए रहे। बीएसए कार्यालय, जेडी कार्यालय, राजा बाजार सेंट्रल बैंक के सामने, नहरिया, बरवा धाम मार्ग, मंगल बाजार, स्टेशन रोड पर जलभराव दिखा। जिला कृषि अधिकारी कार्यालय पूरी तरह से जलमग्न हो गया है। कार्यालय खोलने में कर्मियों को समस्या हुई। जिला महिला अस्पताल परिसर में जलभराव होने से मरीजों, कर्मचारियों व चिकित्सकों को काफी समस्या हुई। सीएमएस आवास में भी पानी घुस गया है।

----

शुक्रवार को हुई 52 मिमी बारिश : मौसम विभाग के अनुसार जिले में शुक्रवार को 52 मिमी बारिश हुई है। इस तरह तीन दिन में अब तक 177 मिमी बारिश हुई है। कृषि विज्ञान केंद्र बंजरिया के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 28 जबकि न्यूनतम तापमान 23.5 रहा। अगले 24 घंटे बादल छाए रहने व बारिश होने की संभावना है।

---

अगेती धान की फसलों को हुआ नुकसान : बारिश के चलते अगेती धान की फसलों के अलावा गन्ना व तिलहन की फसलों को काफी क्षति पहुंची है। बारिश के साथ हवा के चलते फसलें खेतों में गिर गई। इससे किसानों को उत्पादन घटने की चिता सताने लगी है। जिला कृषि अधिकारी मनीष कुमार सिंह के अनुसार फसलों की क्षति का आकलन कराया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी