बरेली के ठिरिया ठाकुरान गांव में जमीन पर कब्जे को लेकर हुई फायरिंग में एक युवक घायल

सीबीगंज के ठिरिया ठाकुरान गांव में शनिवार देर शाम ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे की रंजिश में दो गुट आपस में भिड़ गए। मारपीट हाेने के बाद दर्जनो राउंड फायरिंग हुई। जिसमें एक युवक को गोली लग गयी। सूचना मिलते ही थाने से पुलिस फोर्स गांव पहुंच गया।

By Samanvay PandeyEdited By: Publish:Sun, 16 May 2021 06:52 AM (IST) Updated:Sun, 16 May 2021 06:52 AM (IST)
बरेली के ठिरिया ठाकुरान गांव में जमीन पर कब्जे को लेकर हुई फायरिंग में एक युवक घायल
ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे के विवाद में रंजिश चली आ रही थी।

बरेली, जेएनएन। सीबीगंज के ठिरिया ठाकुरान गांव में शनिवार की देर शाम ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। मारपीट हाेने के बाद दर्जनो राउंड फायरिंग हुई। जिसमें एक युवक को गोली लग गयी। सूचना मिलते ही थाने से पुलिस फोर्स गांव पहुंच गया। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने देर रात एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।

घटना देर रात 9:30 बजे ठिरिया ठाकुरान गांव में हुई। ग्रामीणों ने बताया कि विश्राम उर्फ विष्णु रेलवे के रिटायर कर्मचारी हैं। उनके परिवार के कुछ लोगों ने ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है। जिसका विरोध बदाम सिंह करता है। बताया जाता है कि बादाम सिंह का बेटा शिवकुमार कार से शानिवार सुबह जा रहा था। ग्राम समाज की जमीन पर विश्राम सिंह के जानवर बंधे थे। उसमें से एक जानवर शिव कुमार की गाड़ी से टकरा गया। जिसके बाद दोनों पक्ष में काफी बहस हुई। लेकिन ग्रामीणों ने उस समय मामला रफा-दफा करवा दिया।

आरोप है कि शिवकुमार ने उस वक्त विश्राम सिंह को धमकी दी कि मैं अब गांव में तुम्हें रहने नहीं दूंगा। जिसके बाद विश्राम सिंह की ओर से शानिवार दोपहर को सीबीगंज थाने में तहरीर दी गई थी। जिसमें कहा गया था कि शिवकुमार हमसे रंजिश मानता और हमला कर सकता है। लेकिन पुलिस ने पूरे मामले को हल्के में लिया। जिसका नतीजा हुआ रात में किसान शिवकुमार पक्ष के 25-30 लोग इकट्ठा होकर विश्राम सिंह पर हमला बोल दिया।

दोनों तरफ से दर्जनों राउंड फायरिंग हुई जिसमें विश्राम सिंह के लड़के भूरा को गोली लग गई। गांव में फायरिंग की सूचना मिलते ही सीबीगंज थाने की पुलिस गांव पहुंची। अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपित भाग निकले। घायल भूरा को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस के मुताबिक उसके गले में गोली के छर्रे लगे हैं। पुलिस ने गांव से शिवकुमार को हिरासत में ले लिया है। गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

इंस्पेक्टर सीबीगंज धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि फायरिंग की सूचना पर गांव पहुंचे थे। भूरा नाम के युवक को गोली लगी है उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपित शिवकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में रिपोर्ट दर्ज करके पड़ताल की जा रही है। 

chat bot
आपका साथी