Yogi Cabinet Expansion : बरेली में गरमाया राजनीतिक माहौल, भाजपा ने जताया छत्रपाल पर भरोसा, बनाया राज्यमंत्री
Yogi Cabinet Expansion विधानसभा चुनाव 2022 से पहले योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में बहेड़ी से दो बार विधायक छत्रपाल सिंह गंगवार को राज्यमंत्री के तौर पर शामिल किया। राज्यपाल आनंदी बेन ने बहेड़ी विधायक समेत सात विधायकों को मंत्री मद के लिए गोपनीयता की शपथ दिलाई।
बरेली, जेएनएन। Yogi Cabinet Expansion : विधानसभा चुनाव 2022 से पहले योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में बहेड़ी से दो बार विधायक छत्रपाल सिंह गंगवार को राज्यमंत्री के तौर पर शामिल किया। राज्यपाल आनंदी बेन ने राजभवन के गांधी सभागार में बहेड़ी विधायक समेत सात विधायकों को मंत्री मद के लिए गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। माना जा रहा है कि छत्रपाल सिंह गंगवार के जरिये कुर्मी बाहुल्य बरेली और पीलीभीत के मतदाताओं को साधने में आसानी होगी।
योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों पर आखिरकार रविवार को विराम लग गया। क्षेत्रीय और जातिगत संतुलन को बनाए रखने के लिए कुर्मी समाज से आए छत्रपाल गंगवार पर भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने भरोसा जताया। राज्यमंत्री बनाए जाने की घोषणा के साथ बरेली में राजनीतिक माहौल फिर गरमा गया। चुनाव से पहले बरेली का प्रतिनिधित्व योगी केबिनेट में मजबूत होने के बाद भाजपा कार्यालय में जश्न का माहौल बन गया।
राजनीतिक पृष्ठभूमि में पैर जमाने से पहले छत्रपाल गंगवार का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से गहरा नाता रहा। वह सीतापुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक रहे। फिर विभाग शारीरिक प्रमुख की जिम्मेदारी भी उठाई। जनशिक्षा परिषद में बरेली में मंत्री भी रहे। संघ में दी गई सेवाओं को देखते हुए उन्हें 2002 में पहली बार बहेड़ी विधानसभा सीट से टिकट दिया गया। पेशे से प्रवक्ता छत्रपाल ने चुनाव मजबूती से लड़ा, लेकिन उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा। सपा के मंजूर अहमद को जीत मिल थी। छत्रपाल पहली बार विधायक वर्ष 2007 में बने थे। विधानसभा चुनाव 2012 में उन्हें कामयाबी नहीं मिली। लोगों के बीच उनके कराए कार्यों की वजह से भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने फिर उनपर भरोसा जताया। और वर्ष 2017 में बसपा के नसीम अहमद को हराने के बाद छत्रपाल गंगवार फिर विधायक बने।
दमखोदा के रहने वाले छत्रपाल प्रवक्ता से बने विधायक
छत्रपाल सिंह गंगवार धनी राम इंटर कॉलेज में प्रवक्ता रहे। उसके बाद वहीं प्रिंसिपल बनकर सन 2018 में सेवानिवृत्त हो गए। वह मूल रूप से दमखोदा के रहने वाले हैं। एमए अर्थशास्त्र विषय से किया। बीएड की डिग्री हासिल की। संघ शिक्षा वर्ग में प्रथम वर्ष 1981, द्वितीय वर्ष 1983 और तृतीय वर्ष 1984 में शामिल रहे। उन्होंने बतौर प्रवक्ता क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई। जिसका फायदा राजनीति की सीढ़ियों को चढ़ने के दौरान उन्हें मिला।