Lockdown in Bareilly : केंद्रीय मंत्री ने फोन करके जाना अजमेर में फंसे बरेली के परिवार का हाल, खाद्यान्न और सिलिंडर की व्यवस्था कराई
केंद्रीय मंत्री ने सोमवार को अजमेर में फंसे बरेली के लोगों से फोन पर बात की। उनसे उनकी परेशानी जानी। इसके बाद उनके लिए खाद्यान्न की व्यवस्था कराई।
बरेली, जेएनएन। पूरे देश में लॉक डाउन के चलते बरेली का एक परिवार अजमेर में फंस गया। उनके पास न तो खाद्यान्न था और न ही गैस सिलिंडर। बरेली में रहने वाले उनके परिवार के सदस्यों ने रविवार को वीडियो वायरल कर केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार से मामले में मदद की गुहार लगाई थी। इस संज्ञान लेते हुए केंद्रीय मंत्री ने सोमवार को अजमेर में फंसे बरेली के लोगों से फोन पर बात की। उनसे उनकी परेशानी जानी। इसके बाद उनके लिए खाद्यान्न की व्यवस्था कराई। इतना ही नहीं, इंडियन ऑयल कारपोरेशन (आइओसी) के अफसरों से बात करके उनके लिए सिलिंडर की व्यवस्था कराई। ताकि उन्हें अजमेर में किसी तरह की समस्या न हो सके। इसी तरह दरगाह आला हजरत आया, एक परिवार लॉक डाउन के चलते हजारीबाग में फंस गया है। परिवार के लोगों ने दरगाह के जरिये छत्तीसगढ़ तक जाने के लिए मदद मांगी है। फिलहाल, केंद्रीय मंत्री का स्टाफ उनसे बात करके उनकी सहायता करने के प्रयास में लगा है।
मुहल्ला सुर्खा बानखाना निवासी आशु कुछ दिन पहले जयपुर गए थे। लॉकडाउन में वहीं फंस गए। परिवार के लोगों ने रविवार को एक वीडियो वायरल किया था। इसमें उन्होंने आशु के अजमेर में फंसने की बात कहते हुए केंद्रीय मंत्री व बरेली के सांसद संतोष गंगवार से मदद की गुहार लगाई। सोमवार को केंद्रीय मंत्री को वीडियो के बारे में जानकारी हुई तो उन्होंने परिवार से संपर्क साधा। इसके बाद अजमेर में फंसे आशु से बात की। आशु ने बताया कि परिवार के साथ वह जिस होटल में हैं वहां के लोग जा चुके हैं। रसोई बंद है। उसके पास न तो खाद्यान्न है और ना ही गैस, रुपये है। जिस पर केंद्रीय मंत्री ने उनके लिए खाद्यान्न की व्यवस्था कराई और सिलिंडर पहुंचवाया। इसी तरह मीरगंज के युवक को नोएडा के हास्टल में दवा पहुंचाई गई। उसने भी संतोष गंगवार को फोन करके पेट में दर्द की शिकायत की थी।