सपाइयों के सामने है बड़ी मुश्किल, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की बात मानें या फिर अपना स्वास्थ्य देखें, जानें क्यों चिंतित हैं सपा के लोग

सपाइयों में बड़ी कश्मकश है। देश भर में कोरोना का संक्रमण फैलता जा रहा है। सरकार संक्रमण से बचाव को वैक्सीन लगवा रही है लेकिन सपाई टीका नहीं लगवा रहे हैं। ऐसा करके वह राष्ट्रीय अध्यक्ष के संकल्प को निभा रहे हैं लेकिन चिंता उन्हें अपने स्वास्थ्य की भी है।

By Samanvay PandeyEdited By: Publish:Tue, 13 Apr 2021 04:55 PM (IST) Updated:Tue, 13 Apr 2021 04:55 PM (IST)
सपाइयों के सामने है बड़ी मुश्किल, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की बात मानें या फिर अपना स्वास्थ्य देखें, जानें क्यों चिंतित हैं सपा के लोग
सपा पदाधिकारियों व नेताओं ने अब तक नहीं कराया है कोरोना वैक्सीनेेशन।

बरेली, जेएनएन। सपाइयों में बड़ी कश्मकश है। देश भर में कोरोना का संक्रमण फैलता जा रहा है। सरकार संक्रमण से बचाव को वैक्सीन लगवा रही है, लेकिन सपाई टीका नहीं लगवा रहे हैं। ऐसा करके वह अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के संकल्प को निभा रहे हैं, लेकिन चिंता उन्हें अपने स्वास्थ्य की भी बनी हुई है। वैक्सीन लगवाने की बात को हंसकर टाल रहे हैं।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 22 जनवरी को शहर में आयोजित मंडल भर के कार्यकर्ता की कार्यशाला में पहुंचे थे। यहां पत्रकार वार्ता में उन्होंने कोविड से बचाव के लिए सरकार द्वारा लगाई जा रही वैक्सीन के बारे में अलग बात कही थी। उन्होंने कहा था कि पहले देश के हर गरीब को टीका लग जाए, उसके बाद ही वह वैक्सीन लगवाएंगे। उनकी इस बात को शायद जिले के पदाधिकारियों, नेताओं व कार्यकर्ताओं ने गांठ बांध लिया है। कोरोना संक्रमण से बचाव से ज्यादा उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष के संकल्प की चिंता है। पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा दिखाने के लिए वह ऐसा कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को मुफ्त टीका लगा रहा है। इस वक्त तो टीका उत्सव तक चला रखा है। बावजूद इसके अब तक जिलाध्यक्ष अगम मौर्य, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी समेत कई पदाधिकारियों ने वैक्सीन नहीं लगवाई है। जिलाध्यक्ष का कहना है कि फिलहाल वैक्सीन नहीं लगवाई है, जल्द लगवा लेंगे। इसके साथ ही महानगर अध्यक्ष ने भी हंसी में बात टालते हुए कहा कि जल्दी टीका लगवाने अस्पताल जाएंगे।

chat bot
आपका साथी