गन्ने में कम नहीं हो रहा किसानों का रुझान, फिर बढ़ा रकबा
गन्ना किसानों को भले ही समय पर उनकी फसल का भुगतान न हो पा रहा हो लेकिन गन्ना के प्रति उनका रुझान बढ़ता जा रहा है।
बरेली, जेएनएन: गन्ना किसानों को भले ही समय पर उनकी फसल का भुगतान न हो पा रहा हो, लेकिन गन्ना किसानों का इसकी खेती के प्रति रुझान घटने की जगह दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। लगातार तीसरे वर्ष गन्ने का रकबा बढ़ने से अधिकारियों में खुशी है। जिला गन्ना विभाग के मुताबिक इस बार छह हजार 427 हेक्टेयर गन्ना रकबा बढ़ा है। जिले में गन्ना किसानों की संख्या 1.80 लाख है। जिले के किसान गन्ने की फसल में जी जान से मेहनत कर रहे हैं। जिले में रिकार्ड गन्ना पेराई और रिकार्ड चीनी का उत्पादन हुआ। किसानों का पैसा आज भी चीनी मिलों पर फंसा है। चीनी मिल किसानों को समय पर बकाया गन्ना मूल्य भुगतान नहीं कर रही है। बावजूद इसके किसान गन्ने का रकबा कम करने को तैयार नहीं हैं। एक नजर गन्ना फसल के रकबा पर
पेराई सत्र - रकबा हेक्टेयर में
2019-20 में 1,01,321 हजार हेक्टेयर
2020-21 में 1,04,447 हेक्टेयर रकबा
2021-22 में 1,10,874 हेक्टेयर रकबा
उत्पादन में वृद्धि रकबा बढ़ने का कारण
जिले में गन्ना उत्पादन बढ़ने और अधिक लाभ मिलने से किसानों का मोह गन्ने की खेती की तरफ बढ़ा है। गन्ना ऐसी फसल है, जिस पर सर्दी-गर्मी, बरसात, बाढ़ का अधिक प्रभाव नहीं पड़ता। किसान इसे सुरक्षित फसल मानता है। यही कारण है कि किसानों का रुझान लगातार गन्ने की खेती की ओर बढ़ रहा है। सरकार की पारदर्शी व्यवस्था से भी बढ़ रहा रुझान
जिला गन्ना अधिकारी पीएन सिंह बताते हैं कि सरकार की पारदर्शी व्यवस्था से भी गन्ना किसानों की संख्या के साथ ही रकबा लगातार बढ़ रहा है। बताया कि फर्जी प्रदर्शित किए जाने वाले सट्टों को हटा दिया गया है। इसके अलावा किसान के मोबाइल पर पर्ची भेजी जा रही है। जिससे बिचौलियों का काम समाप्त हो गया। हर वर्ष की तुलना में 85 प्रतिशत भुगतान किया जा चुका है। जबकि शेष में किसी का खाता या अन्य टेक्निकल समस्या के चलते दिक्कत आ रही है। जिसे इसी माह दूर कर शत-प्रतशित भुगतान के लिए गन्ना चीनी मिलों को निर्देश दिए हैं। वर्जन : लगातार तीसरे वर्ष गन्ने के रकबे में बढ़ोत्तरी हुई है। किसान गन्ने के साथ सहफसली कर दोहरा लाभ उठा रहे हैं। सरकार की अच्छी नीतियों के चलते किसानों का भरोसा बढ़ा है। - पीएन सिंह, जिला गन्ना अधिकारी