बरेली में खुला कुतुबखाना ओवरब्रिज निर्माण का टेंडर, आई तीन कंपनियां, दिवाली के बाद शुरू हाेगा कार्य
Qutubkhana Overbridge Tender शहर की बड़ी समस्या के जल्द दूर होने की उम्मीद जग गई है। कुतुबखाना ओवरब्रिज निर्माण का टेंडर सेतु निगम ने खोल दिया है। निविदाओं की टेक्निकल बिड की जांच शुरू हो गई है। दिवाली के बाद पुल क निर्माण शुरू होने की उम्मीद है।
बरेली, जेएनएन। Qutubkhana Overbridge Tender : शहर की बड़ी समस्या के जल्द दूर होने की उम्मीद जग गई है। कुतुबखाना ओवरब्रिज निर्माण का टेंडर सेतु निगम ने खोल दिया है। निविदाओं की टेक्निकल बिड की जांच शुरू हो गई है। दिवाली के बाद पुल क निर्माण शुरू होने की उम्मीद है।
बरेली स्मार्ट सिटी कंपनी के तहत कुतुबखाना ओवरब्रिज निर्माण के लिए 136 करोड़ रुपये स्वीकृत किया गया था। यह पुल कोहाड़ापीर पर नैनीताल रोड से उठकर कुतुबखाना चौराहा होते हुए कोतवाली के सामने उतारा जाना था, जिसकी लंबाई करीब 1577 मीटर थी। बाद में लंबाई को करीब दो सौ मीटर कम करके 1377 मीटर कर दिया गया है। इसके निर्माण पर करीब 118 करोड़ रुपये खर्च होना है। सेतु निगम ने करीब 76 करोड़ रुपये से पुल निर्माण के लिए बीते दिनों आनलाइन टेंडर आमंत्रित किए थे। गुरुवार को टेंडर खोल दिए गए हैं।
इसमें उत्तर प्रदेश की एक और दक्षिण भारत की दो कंपनियों ने निर्माण की इच्छा जताते हुए निविदा डाली है। तीनों कंपनियों की टेक्निकल बिड की जांच अधिकारियों ने शुरू कर दी है। इसमें पास होने वाली कंपनियों की फाइनेंशियल बिड खोली जाएगी। सबसे कम दर वाली कंपनी को कार्यदायी संस्था के रूप में चुना जाएगाा। सेतु निगम अधिकारियों के अनुसार पुल निर्माण का काम 76 करोड़ में होना है। बाकी से बिजली की लाइन शिफ्टिंग, सीवर-पानी लाइन शिफ्टिंग समेत अन्य काम होने हैं।
बिजली की लाइनें होंगी भूमिगत
कुतुबखाना रोड पर बिजली की लाइनें, पोल और ट्रांसफार्मर भी रखे हैं। पुल निर्माण से पहले इन लाइनों को भूमिगत किया जाएगा। वहां से ट्रांसफार्मर शिफ्ट किए जाएंगे। इसके साथ ही सीवर व पानी की लाइन को भी किनारे में शिफ्ट किया जाएगा। किनारे से नाला बनाने की भी योजना इस प्रस्ताव में शामिल है।